केंद्रीय मंत्री के दौरे से पहले कुलपति ने किया MSME सेंटर का निरीक्षण, 3D प्रिंटिंग, रोबोटिक्स और AI तकनीक की सुविधाएं देखकर हुए प्रभावित

बोधगया। आगामी 12 सितंबर को केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी के मगध विश्वविद्यालय स्थित MSME सेंटर के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केशरी और कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन की टीम ने MSME सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सेंटर में उपलब्ध अत्याधुनिक तकनीकी एवं कौशल विकास से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सेंटर में स्थापित आधुनिक मशीनों ने अधिकारियों को प्रभावित किया। करीब पांच करोड़ रुपये की उन्नत 3D प्रिंटिंग मशीन विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अधिकारियों ने बताया कि मशीन में आकार और डिजाइन निर्धारित करने के बाद कुछ ही मिनटों में भगवान गणेश की प्रतिमा सहित विभिन्न जटिल 3D आकृतियां तैयार की जा सकती हैं। सेंटर में रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), उन्नत पेंटिंग और अन्य कौशल आधारित आधुनिक मशीनों की भी सुविधा उपलब्ध है। निरीक्षण के बाद कुलपति ने कहा कि इस तरह की अत्याधुनिक सुविधाएं देश के चुनिंदा MSME सेंटरों और प्रमुख तकनीकी संस्थानों में ही देखने को मिलती हैं। मगध विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे सेंटर का होना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जानकारी और प्रचार-प्रसार के अभाव में बड़ी संख्या में छात्र इन सुविधाओं से अभी तक अनजान हैं। कुलपति और कुलसचिव ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने करियर को नई दिशा देने के लिए MSME सेंटर के वोकेशनल और स्किल आधारित पाठ्यक्रमों का लाभ उठाना चाहिए। विश्वविद्यालय प्रशासन और MSME सेंटर की ओर से जल्द ही व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

Sep 9, 2026 - 18:32
केंद्रीय मंत्री के दौरे से पहले कुलपति ने किया MSME सेंटर का निरीक्षण, 3D प्रिंटिंग, रोबोटिक्स और AI तकनीक की सुविधाएं देखकर हुए प्रभावित

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0