झारखण्ड में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 4 बाइक सवार की मौत, आक्रोशितों ने किया बवाल

दुर्घटना में चार नाबालिग दोस्तों की दर्दनाक मौत की खबर के बाद मौके पर पहुंचे मृतकों के परिजनों के रोने से कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Mar 13, 2026 - 18:48
Mar 13, 2026 - 18:49
 0
झारखण्ड में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 4 बाइक सवार की मौत, आक्रोशितों ने किया बवाल

CHATRA : चतरा जिले के कोयलांचल पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ में देर रात बाइक व स्कॉर्पियो के बीच हुई भीषण टक्कर में चार किशोरों की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों में पिपरवार थाना क्षेत्र के बाराडीह निवासी अर्पण महतो, विकास महतो, मंजीत महतो व सोनू कुमार महतो का नाम शामिल है। सभी मृतक ज्ञान दीप विद्या निकेतन, तरवां के छात्र थे। इसी वर्ष सभी ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी। 

ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में जान गंवाने वाले सोनू अपने बहनोई की पल्सर बाइक लेकर अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बेकाबू बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में जहां तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी सोनू कुमार महतो की रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

इधर, दुर्घटना में चार नाबालिग दोस्तों की दर्दनाक मौत की खबर के बाद मौके पर पहुंचे मृतकों के परिजनों के रोने से कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने पिपरवार-टंडवा मार्ग जाम कर दिया है। घटना के करीब 15 घंटे बीत जाने के बाद भी घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त सड़क पर वाहनों का परिचालन पुरी तरह बाधित कर रखा है। 

बाइक व स्कार्पियो के टक्कर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक का अगला पहिया अलग होकर दूर जा गिरा था। वहीं, स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्कॉर्पियो बिना नंबर का है और चिरैयाटांड़ के ही किसी स्थानीय व्यक्ति का बताया जा रहा है।

आक्रोशित लोग मृतक के आश्रितों को मुआवजा, नौकरी व अन्य सरकारी लाभ देने की मांग पर अड़े हैं। इधर, ग्रामीणों को बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का भी साथ मिला है। मौके पर सिमरिया के प्रभारी एसडीओ सह डीटीओ चतरा महेश्वरी प्रसाद, एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार, टंडवा बीडीओ के अलावे पिपरवार थाना प्रभारी, टंडवा थाना प्रभारी के साथ-साथ पुलिस निरीक्षक व भारी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद है। 

अधिकारी और जवान आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन मुआवजा नहीं मिलने तक आक्रोशित लोग सड़क जाम हटाने को तैयार नहीं है। सड़क जाम रहने से दोनों ओर कोल वाहनों के साथ-साथ यात्री वाहनों का लंबी कतार लग गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0