सावन की आखिरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा बाबाधाम

Aug 24, 2026 - 17:49
सावन की आखिरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा बाबाधाम

DEOGHAR : सावन की आखिरी सोमवारी के मौके पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा है. सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं.

आखिरी सोमवारी को लेकर भगवान बैद्यनाथ मंदिर का पट सुबह 4:30 बजे खोला गया. पट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के शिवलिंग पर जलार्पण शुरू कर दिया. श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है.

बेलपत्र, जल और आस्था से प्रसन्न होते हैं भोलेनाथ

मंदिर के सरदार पंडा गुलाब नंद झा ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ के लिए बेहद खास माना जाता है और सावन की सोमवारी का अपना विशेष धार्मिक महत्व है. उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के लिए बेलपत्र, जल और सच्ची आस्था सबसे महत्वपूर्ण है. सोमवार के दिन बाबा पर जलाभिषेक करने से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होती है, इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में भक्त बाबा धाम पहुंच रहे हैं.

पिछली सोमवारी से ज्यादा भीड़, प्रशासन की पैनी नजर

देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पिछली सोमवारी की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक है. हालांकि जिला प्रशासन की ओर से सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

वहीं देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. रात से ही पुलिसकर्मी और पदाधिकारी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने में जुटे हुए हैं. भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है.

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किए बाबा बैद्यनाथ के दर्शन

आखिरी सोमवारी के मौके पर आम श्रद्धालुओं के साथ कई गणमान्य लोग भी बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे. राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा भी देवघर पहुंची और बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया.

सुबह से उमड़ी भीड़ को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि सावन की आखिरी सोमवारी पर देर रात तक करीब साढ़े तीन लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर सकते हैं. फिलहाल श्रद्धालुओं की कतार लगातार आगे बढ़ रही है और प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. 

लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन की आखिरी सोमवारी उनके लिए बेहद खास है. इसी आस्था के साथ वे बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे हैं और जल चढ़ाकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0