जीबीएम कॉलेज शिक्षक संघ ने शिक्षकों के अनुरोध पर शीघ्रता के साथ यथोचित कदम नहीं उठाए जाने पर जताई नाराजगी
गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के शिक्षक संघ ने मगध विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त सीनियर तथा नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों के कई माहों के वेतन के भुगतान नहीं होने पर काफी नाराजगी जताई है। सभी शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों का दो-तीन माह से वेतन नहीं मिलना अत्यंत अपमानजनक एवं अफसोसजनक बात है। संघ की अध्यक्ष डॉ अनामिका कुमारी ने बताया कि वो संघ की उपाध्यक्ष डॉ बनीता कुमारी एवं एमयू के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक संघों के सदस्यों के साथ शिक्षकों के कई लंबित मांगों को लेकर एमयू के कुलपति प्रो दिलीप कुमार केसरी जी से भी मिल चुकी हैं। वे भी शिक्षक संघ की ओर से इस संबंध में कुलपति महोदय को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता एवं सहानुभूति के साथ यथोचित कदम उठाए जाने का अनुरोध कर चुकी हैं। शिक्षकों के विभिन्न मुद्दों पर ध्यान देते हुए माननीय कुलपति महोदय ने आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही इन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन अभी तक इस संबंध में यथोचित कार्रवाई प्रतीक्षित है। डॉ अनामिका कुमारी ने कहा कि तीन-तीन माह तक शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों के वेतन का न मिल पाना एक तरह की बड़ी क्रूरता एवं असंवेदनहीनता ही है, जिसके कारण सभी शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मियों को गंभीर आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ बनीता कुमारी ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों के बकाया वेतन का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। शिक्षक संघ की सचिव डॉ नगमा शादाब ने एनपीएस संबंधी मामलों पर भी शीघ्रातिशीघ्र उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है। जीबीएम कॉलेज शिक्षक संघ की कोषाध्यक्ष डॉ रुखसाना परवीन ने शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ता के भुगतान किए जाने की मांगों को दुहराया है। शिक्षक संघ की संयुक्त सचिव डॉ अमृता कुमारी घोष ने कहा कि जीबीएम कॉलेज शिक्षक संघ मगध विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों के शिक्षक संघों के साथ है। कॉलेजों को विश्वविद्यालय से अलग किए जाने के मुद्दे पर भी संघ के सदस्य एकजुटता के साथ खड़े रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





