केजरीवाल की पार्टी AAP में बड़ी टूट, राघव चड्ढा ने दिया इस्तीफा, कहा : दो-तिहाई सांसदों के साथ BJP में करेंगे विलय

संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि "हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के हम दो-तिहाई सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे।"

Apr 24, 2026 - 16:24
Apr 24, 2026 - 16:38
केजरीवाल की पार्टी AAP में बड़ी टूट, राघव चड्ढा ने दिया इस्तीफा, कहा : दो-तिहाई सांसदों के साथ BJP में करेंगे विलय

NEWS DESK : राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस्तीफे का एलान किया। उनके साथ दो और सांसद बीजेपी ज्वाइन करेंगे। उन्होंने कहा कि AAP के कुल 10 राज्यसभा सांसद हैं और इनमें से 2/3 से ज्यादा इस फैसले के साथ हैं। राघव चड्ढा ने अपने ही साथ सात नाम और गिनाए, जो बीजेपी में जाने वाले हैं। 

संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि "हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के हम दो-तिहाई सदस्य भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए भाजपा में विलय कर लेंगे।"

सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि "जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। अब यह पार्टी राष्ट्र के हित में नहीं बल्कि अपने निजी लाभ के लिए काम करती है। पिछले कुछ वर्षों से मुझे ऐसा महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं इसलिए आज हम घोषणा करते हैं कि मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं और जनता के करीब आ रहा हूं।''

पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट था मैं : राघव चड्ढा

राघव चड्डा ने प्रेसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में आने से पहले मैं एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) था। मेरे साथ इस मंच पर विभिन्न क्षेत्रों के लोग थे, जिनमें कुछ वैज्ञानिक और कुछ शिक्षाविद भी थे। आज आम आदमी पार्टी (आप) छोड़ने वालों में एक विश्वस्तरीय क्रिकेटर, पद्म श्री पुरस्कार विजेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। इन सभी लोगों ने सब कुछ त्याग दिया और भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के संकल्प के साथ इस पार्टी की स्थापना की।

आगे सांसद ने कहा कि मैं इस पार्टी का संस्थापक सदस्य था और शायद ही कोई इसे मुझसे बेहतर जानता हो। पूर्ण प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ हमने मिलकर दिल्ली में पार्टी का निर्माण किया। पंजाब में इसे बनाया और अन्य राज्यों में इसका विस्तार करने का प्रयास किया लेकिन आज बड़े दुख, पीड़ा और शर्म के साथ मैं कहता हूं कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के संकल्प के साथ गठित यह पार्टी अब भ्रष्ट और समझौतावादी व्यक्तियों के हाथों में बुरी तरह फंसी हुई है। यही कारण है कि राष्ट्र की सेवा करने के लिए आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाला प्रत्येक देशभक्त या तो पार्टी छोड़ चुका है या एक-एक करके छोड़ रहा है।”

आप ने राघव को उपनेता पद से हटाया

बता दें कि दो अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया था और अब पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली है। इस घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए थे। इसके कुछ समय बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुआई वाली पंजाब सरकार ने राघव चड्ढा को दी गई पंजाब पुलिस की सुरक्षा हटा दी थी। हालांकि, इसके बाद राघव चड्ढा को केंद्र द्वारा सिक्योरिटी दी गई। 

गौरतलब है कि चड्ढा को पंजाब के सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद होने के नाते यह सुरक्षा मिली हुई थी। सुरक्षा वापसी को पार्टी के अंदर बढ़ती दूरी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0