भरत तिवारी को लगी थीं 5 गोलियां, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, जानिए शरीर के किन-किन हिस्सों में मिले बुलेट के निशान

Jun 27, 2026 - 17:59
भरत तिवारी को लगी थीं 5 गोलियां, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, जानिए शरीर के किन-किन हिस्सों में मिले बुलेट के निशान

PATNA : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है. रिपोर्ट के अनुसार, भरत तिवारी को कुल पांच गोलियां लगी थीं. सभी गोलियां शरीर के निचले हिस्से यानी दोनों जांघों और एक पैर में लगीं. रिपोर्ट सामने आने के बाद एक बार फिर पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया

रिपोर्ट के मुताबिक पहली गोली बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से में सामने से लगी थी. दूसरी गोली बाईं जांघ के बीच वाले हिस्से के अंदर की ओर लगी. तीसरी गोली दाईं जांघ के बीच वाले हिस्से के अंदर की तरफ लगी. चौथी गोली दाईं जांघ के बाहरी हिस्से में मिली. वहीं पांचवीं गोली बाएं पैर के बीच वाले हिस्से में पीछे से लगी थी. रिपोर्ट में सभी गोलियों के शरीर के निचले हिस्से में लगने की पुष्टि हुई है.

पिता और भाई का नाम FIR से हटाया गया

इस बीच भोजपुर पुलिस ने भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी और भाई चंदन तिवारी को बड़ी राहत दी है. दोनों का नाम एफआईआर से हटा दिया गया है. पहले उन पर हथियार रखने और भरत तिवारी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था.

न्यायिक जांच जारी

मामले की न्यायिक जांच भी शुरू हो चुकी है. गुरुवार को रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा अपनी टीम के साथ भरत तिवारी के गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने भरत के परिजनों से भी बातचीत की. इस दौरान भोजपुर के डीएम, एसपी और शाहाबाद रेंज के डीआईजी भी मौजूद रहे.

CM सम्राट चौधरी ने क्या कहा

एनकाउंटर के आठवें दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मामले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो सरकार कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय आयोग गठित किया गया है और रिपोर्ट के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे.

क्या है पूरा मामला

17 जून को भरत तिवारी फेसबुक लाइव पर आया था. उसने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात कही थी. पुलिस का दावा है कि सरेंडर के बाद उसने दोबारा हथियार उठाकर फायरिंग की कोशिश की. इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच के बाद पूरे मामले पर सबकी नजर टिकी हुई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0