बिहार में बसेंगे 11 मॉडर्न ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, HUDCO के साथ एक लाख करोड़ का समझौता, मुख्यमंत्री बोले - लाखों को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का मौका
PATNA : बिहार में आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने 11 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के साथ समझौता किया है। यह 1 लाख करोड़ रुपये का दीर्घकालिक वित्तपोषण का समझौता (MoU) है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग और HUDCO के बीच इस महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री के समक्ष MoU का आदान-प्रदान किया गया।
बिहार में विकसित होंगे 12 नए आधुनिक शहर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में लोगों को आधुनिक आवास, बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सभी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में होगा विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित टाउनशिप लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।
6 लाख करोड़ निजी निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘HUDCO के माध्यम से राज्य सरकार 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इसके अलावा करीब 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी और संस्थागत क्षेत्र से आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इससे बिहार में बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।’ सीएम सम्राट ने आगे कहा कि 'नई टाउनशिप में व्यावसायिक, सामाजिक और सार्वजनिक सुविधाओं का भी व्यापक विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।’
उन्होंने कहा कि ‘सरकार बिहार में शहरीकरण का स्तर 35 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। यह परियोजना उस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।’ मुख्यमंत्री ने इस समझौते के लिए HUDCO और नगर विकास एवं आवास विभाग को बधाई देते हुए कहा, ‘भविष्य में भी बिहार के विकास कार्यों में HUDCO का सहयोग मिलता रहेगा।’
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











