दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

 संगठन की मजबूती और राजनीतिक चुनौतियों पर नेताओं संग की चर्चा

Jun 6, 2026 - 20:59
दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दो दिवसीय झारखंड दौरे के पहले दिन शनिवार को रांची पहुंचे।  भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इस दौरान संगठन को और मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी तथा जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद नितिन नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले प्रदेश कोर कमेटी और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। बैठक की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुस्तक भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। बैठक में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राय, अभयकांत प्रसाद और दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व सांसद पीएन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह तथा अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
कोर कमेटी की बैठक के बाद नितिन नवीन ने भाजपा सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से संगठन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
इस बैठक के दौरान मंच पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह तथा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मौजूद रहे।

सांसदों व विधायकों संग की बैठक 

सांसदों की बैठक में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ के अलावा दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, मनीष जायसवाल, ढुल्लू महतो, बीडी. राम और कालीचरण सिंह सहित कई सांसद उपस्थित रहे।
वहीं विधायकों की बैठक में चंपाई सोरेन, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी और कुमार उज्ज्वल समेत अनेक विधायक शामिल हुए।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन विभिन्न बैठकों, संवाद कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर पार्टी की रणनीति को धार देने का प्रयास करेंगे।
-------------


 *****
नितिन नवीन से राजग नेताओं ने की मुलाकात, दी शुभकामनाएं

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दलों के नेताओं ने शनिवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान सहयोगी दलों के नेताओं ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं और झारखंड में राजग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और गठबंधन की भावी रणनीतियों को लेकर भी चर्चा हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने वालों में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और विधायक सरयू राय, निर्मल महतो, बीरेंद्र प्रधान और जनार्दन पासवान शामिल थे।
नेताओं ने नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और राजग की मजबूती को लेकर विश्वास व्यक्त किया। वहीं, भाजपा अध्यक्ष ने भी सहयोगी दलों के नेताओं के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की और गठबंधन की एकजुटता को विकास तथा जनहित के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों, जनप्रतिनिधियों से संवाद और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से इस दौरे को भाजपा और राजग दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0