गोपालगंज में तीन दिनों से लापता 12 वर्षीय छात्रा का शव बरामद, हत्या की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में तीन दिनों से लापता 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में एक पुराने घर के पीछे छात्रा का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, परिजन घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में तीन दिनों से लापता 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में एक पुराने घर के पीछे छात्रा का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, परिजन घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
12 अक्टूबर से लापता थी छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, खानपुर अजमत गांव की रहने वाली 12 वर्षीय संजना कुमारी बीते 12 अक्टूबर से लापता थी। छात्रा के लापता होने की सूचना मिलने के बाद थावे थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी थी। इसी बीच बुधवार सुबह गांव में ही एक पुराने घर के पीछे उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान संजना कुमारी के रूप में की।
शव मिलने के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल
छात्रा का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। घटनास्थल के पास एक आरोपित के पुराने घर का जिक्र भी सामने आया है। स्थानीय स्तर पर आरोपित पक्ष के कुछ सदस्यों के फरार होने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
परिजनों का कहना है कि जब तक एसपी मौके पर नहीं पहुंचते, वे शव उठाने देने को तैयार नहीं हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के कई अधिकारी और जवान घटनास्थल पर तैनात हैं।
डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर कर्मवीर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड की मदद से छानबीन की गई। इसके अलावा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। जिला जांच इकाई (डीआईयू) की टीम भी घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित सुरागों का विश्लेषण कर रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और छात्रा के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार ने बताया कि 12 अक्टूबर को थावे थाना को खानपुर अजमत गांव की एक लड़की के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। बुधवार सुबह उसी गांव में छात्रा का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने की है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया के बीच परिजन एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से ही छात्रा की मौत के कारणों तथा घटना में किसी की संलिप्तता के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







