खराब ब्रेक के बावजूद 463 KM दौड़ी वंदे भारत, लोको पायलट की चेतावनी अनसुनी; रेलवे ने दिए जांच के आदेश

रांची: झारखंड के रांची रेल मंडल में रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां खराब ब्रेकिंग सिस्टम वाली एक खाली वंदे भारत ट्रेन को करीब 463 किलोमीटर तक दौड़ने दिया गया। हैरानी की बात यह है कि ट्रेन के लोको पायलट ने ब्रेक में खराबी की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी थी, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। अब इस गंभीर मामले को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के आदेश जारी किए हैं।

Nov 16, 2026 - 09:54
खराब ब्रेक के बावजूद 463 KM दौड़ी वंदे भारत, लोको पायलट की चेतावनी अनसुनी; रेलवे ने दिए जांच के आदेश

रांची: झारखंड के रांची रेल मंडल में रेलवे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां खराब ब्रेकिंग सिस्टम वाली एक खाली वंदे भारत ट्रेन को करीब 463 किलोमीटर तक दौड़ने दिया गया। हैरानी की बात यह है कि ट्रेन के लोको पायलट ने ब्रेक में खराबी की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी थी, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। अब इस गंभीर मामले को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के आदेश जारी किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 अक्टूबर की है। वंदे भारत की खाली चेयर कार रेक को मालगाड़ी के इंजन की मदद से झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी ले जाया जा रहा था। नियमानुसार वंदे भारत के कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन की ब्रेक व्यवस्था के साथ जोड़ना जरूरी था, ताकि जरूरत पड़ने पर पूरी ट्रेन में ब्रेक लगाया जा सके। लेकिन रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह व्यवस्था ठीक से काम नहीं कर रही थी।

लोको पायलट ने दी थी खराब ब्रेक की सूचना

ट्रेन हटिया से रवाना होने के बाद लोको पायलट ने हटिया-रांची रेलखंड पर ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर और अप्रभावी है। रांची स्टेशन पहुंचने पर लोको पायलट ने इस संबंध में संबंधित रेलवे अधिकारियों और कंट्रोलर को लिखित शिकायत भी दी। इसके बावजूद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।

इतना ही नहीं, मुरी स्टेशन से ट्रेन का संचालन संभालने वाले दूसरे लोको पायलट ने भी ब्रेक ठीक से काम नहीं करने की जानकारी संबंधित कंट्रोलरों को दी। उन्होंने बताया कि ब्रेक पाइप का प्रेशर कम करने के बावजूद कोचों में ब्रेक नहीं लग रहे थे। इसके बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

DDU स्टेशन पर जांच में खुली लापरवाही की पोल

ट्रेन जब उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पहुंची, तब वहां रेलवे कर्मचारियों ने इसकी तकनीकी जांच की। जांच में पता चला कि वंदे भारत के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम आइसोलेट यानी अलग कर दिए गए थे। इस वजह से कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन केवल मालगाड़ी के इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम के सहारे करीब 463 किलोमीटर तक चलती रही।

कई स्तरों पर लापरवाही की आशंका, जांच शुरू

इस मामले की प्रारंभिक जांच में कैरिज एंड वैगन (C&W) विभाग के कर्मचारियों, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलरों के साथ ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेन रवाना करने से पहले कोचों के ब्रेक की सही तरीके से भौतिक जांच नहीं की गई थी।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने 7 नवंबर को जारी आदेश में रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने और जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान करने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधारात्मक और सुरक्षा संबंधी कदम उठाने को कहा गया है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि ट्रेन खाली थी और इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0