BPSC TRE-4 में डोमिसाइल को लेकर फिर सवाल, नीतीश के पुराने ऐलान पर उठी चर्चा

TRE-4 के विज्ञापन के बाद शिक्षक भर्ती में डोमिसाइल यानी बिहार के स्थायी निवासियों को प्राथमिकता देने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, 4 अगस्त 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शिक्षक भर्ती में बिहार के निवासियों को प्राथमिकता देने के लिए नियमों में जरूरी संशोधन करने का निर्देश देने की बात कही थी। उन्होंने इसे TRE-4 से लागू करने की बात कही थी।

Sep 23, 2026 - 19:13
BPSC TRE-4 में डोमिसाइल को लेकर फिर सवाल, नीतीश के पुराने ऐलान पर उठी चर्चा

पटना:- बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने लंबे इंतजार के बाद 22 सितंबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का संशोधित विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया में 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की बात सामने आई है।

TRE-4 के विज्ञापन के बाद शिक्षक भर्ती में डोमिसाइल यानी बिहार के स्थायी निवासियों को प्राथमिकता देने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, 4 अगस्त 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शिक्षक भर्ती में बिहार के निवासियों को प्राथमिकता देने के लिए नियमों में जरूरी संशोधन करने का निर्देश देने की बात कही थी। उन्होंने इसे TRE-4 से लागू करने की बात कही थी।

हालांकि, 2026 में जारी TRE-4 की पात्रता से संबंधित उपलब्ध जानकारी में आवेदन के लिए भारतीय नागरिकता समेत अन्य शैक्षणिक और पात्रता शर्तों का उल्लेख है। डोमिसाइल को लेकर इसी वजह से बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों और राजनीतिक दलों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

बिहार में शिक्षक भर्ती के डोमिसाइल नियम का इतिहास भी विवादों से जुड़ा रहा है। अप्रैल 2023 में जारी शिक्षक भर्ती नियमों में बिहार के स्थायी निवासियों की शर्त शामिल थी, लेकिन जून 2023 में राज्य सरकार ने इसमें बदलाव कर दूसरे राज्यों के भारतीय नागरिकों को भी आवेदन का रास्ता दिया था।

इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष की ओर से सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले डोमिसाइल का मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब इसे लागू नहीं किया गया।

वहीं, बीजेपी नेता और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने डोमिसाइल के मुद्दे पर सरकार के निर्णय को सर्वोपरि बताया है।

अब TRE-4 के संशोधित विज्ञापन के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल चर्चा में है कि बिहार के युवाओं को शिक्षक भर्ती में डोमिसाइल के आधार पर प्राथमिकता देने के पिछले ऐलान का आगे क्या होगा।

बाइट: एजाज अहमद, आरजेडी प्रवक्ता
बाइट: दिलीप जायसवाल, बिहार बीजेपी नेता एवं मंत्री

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0