गयाजी में विधायकों को CM सम्राट चौधरी का संदेश, 'सदन में सक्रिय रहें, जनता के मुद्दे मजबूती से उठाएं'
GAYA JI : बिहार के गयाजी में नवनिर्वाचित और वरिष्ठ विधायकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर चल रहा है, जिसमें देश के उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी शामिल हुए हैं. इस शिविर के पहले सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता ने विधायकों को विधानसभा में केवल बैठने के लिए नहीं बल्कि अपनी आवाज बनकर आने के लिए चुना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि हर विधायक को सदन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए.
तेजस्वी यादव के अनुपस्थित रहने पर कटाक्ष
भाजपा विधायक श्याम बाबू प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नहीं पहुंचने पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी दल का नहीं बल्कि विधानसभा का है. सभी विधायकों को इसमें शामिल होना चाहिए था क्योंकि संसदीय प्रक्रिया और आचरण का प्रशिक्षण मिल रहा है.
सदन के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की कार्यप्रणाली की बारीकियां समझाना है. उन्होंने कहा कि पक्ष-विपक्ष का भेद भुलाकर हर विधायक को शालीनता बनाए रखते हुए सवाल पूछने चाहिए और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना चाहिए. सम्राट चौधरी ने विधायकों से अपील की कि वे प्रश्नकाल और जीरो आवर का पूरा उपयोग करें ताकि क्षेत्र की समस्याएं सीधे सदन के माध्यम से हल हो सकें.
विधेयकों और प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी जरूरी
सीएम ने विधायकों को सलाह दी कि केवल चुनाव जीतना पर्याप्त नहीं है. उन्हें विधेयक, कटौती प्रस्ताव और सदन की बहस की पूरी जानकारी होनी चाहिए. एक प्रभावी विधायक बनने के लिए सदन के नियम, प्रक्रिया और अधिकारों को समझना अत्यंत आवश्यक है. पूरी तैयारी के साथ अपनी बात रखने वाला ही जनता की समस्याओं को मजबूती से उठा सकता है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विधायकों को लगातार यह मंथन करना चाहिए कि वे युवाओं, महिलाओं और गरीब परिवारों का विश्वास कैसे जीत सकते हैं. जनता के बीच रहकर उनकी आवाज को विधानसभा तक पहुंचाने से ही यह विश्वास मजबूत होगा. उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि की असली जिम्मेदारी बताया.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और उनकी सुविधाओं के लिए प्रभावी योजनाएं चलाई जा रही हैं. विकास कार्यों की जानकारी हर विधायक को होनी चाहिए ताकि वे अपने क्षेत्र में बेहतर काम कर सकें."
उद्योग और सुशासन पर फोकस
सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में उद्योग और सुशासन के क्षेत्र में सरकार विशेष ध्यान दे रही है. 31 स्थानों पर पीपीपी मोड पर बस स्टैंड बनाने का काम होगा. आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने विधायकों से कहा कि सदन के माध्यम से विकास की सही दिशा पर अपनी बात रखें.
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य
स्वागत भाषण में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह प्रबोधन कार्यक्रम 18वीं विधानसभा के विधायकों को सदन की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए आयोजित किया गया है. उद्देश्य है कि विधायक अनुशासन बनाए रखते हुए सदन को सुचारू रूप से चलाने में अपनी भूमिका निभाएं. उन्होंने उपराष्ट्रपति के आगमन पर धन्यवाद भी दिया.
नए विधायकों ने सराही पहल
कार्यक्रम में शामिल हुईं विधायक मैथिली ठाकुर ने इस पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि नए विधायकों के लिए यह आयोजन बेहद लाभकारी साबित होगा. इससे संसदीय कार्यप्रणाली, प्रश्न पूछने की विधि और पूरी प्रक्रिया समझने में आसानी होगी.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











