दरभंगा में जिम संचालक पर युवती को परेशान करने और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, महिला थाना में शिकायत

दरभंगा। शहर के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर स्थित एक जिम संचालक पर 25 वर्षीय युवती ने लगातार फोन और व्हाट्सएप मैसेज कर परेशान करने, जबरन मिलने का दबाव बनाने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

Sep 11, 2026 - 13:29
दरभंगा में जिम संचालक पर युवती को परेशान करने और वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, महिला थाना में शिकायत

दरभंगा:- शहर के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर स्थित एक जिम संचालक पर 25 वर्षीय युवती ने लगातार फोन और व्हाट्सएप मैसेज कर परेशान करने, जबरन मिलने का दबाव बनाने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

युवती के आवेदन के अनुसार, वह करीब छह महीने तक सैदनगर स्थित जिम में व्यायाम करने जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान जिम संचालक शराफत हुसैन से हुई। आरोप है कि करीब तीन महीने से शराफत लगातार फोन और व्हाट्सएप मैसेज करने लगा। युवती का दावा है कि आरोपी उस पर शॉपिंग, रेस्टोरेंट जाने और अकेले मिलने का दबाव बनाता था। इसके अलावा व्यक्तिगत और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार अपनी असहमति जताई, लेकिन इसके बावजूद संपर्क करने का सिलसिला जारी रहा। परेशान होकर उसने जिम जाना छोड़ दिया। इसके बाद भी रास्ते में परेशान करने और संपर्क करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

आवेदन में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि जिम संचालक ट्रायल रूम में हिडन कैमरा लगाए जाने का दावा करता था। युवती के मुताबिक, आरोपी धमकी देता था कि उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए गए हैं और यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। युवती ने आवेदन के साथ संबंधित साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही है।

आरोपी ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, जिम संचालक शराफत हुसैन ने युवती के आरोपों को गलत बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उसका कहना है कि युवती से उसकी कोई दोस्ती नहीं थी। शराफत के मुताबिक, युवती का उसके दोस्त अकरम के साथ संबंध था और उसके मोबाइल से युवती को भेजे गए मैसेज अकरम ने किए थे।

शराफत ने यह भी आरोप लगाया कि युवती की ओर से उसे प्राथमिकी में फंसाने की धमकी दी गई थी। उसके अनुसार, इसी क्रम में उससे पांच लाख रुपये लिए गए और बाद में उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।

आरोपी के भाई आरिफ मुहम्मद ने भी युवती के आरोपों को खारिज किया है। उसका दावा है कि युवती की दोस्ती उसके भाई से नहीं, बल्कि अकरम नामक युवक से थी। आरिफ के मुताबिक, युवती अकरम के साथ होटल जाती और घूमती थी तथा उसके भाई के जिम में केवल व्यायाम करने आती थी।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए हैं। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और दोनों पक्षों के दावों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0