भारत ने जीता पहला गोल्ड(स्वर्ण),भारत का अब तक का सबसे सफल ओलिंपिक

121 साल के ओलम्पिक इतिहास में नीरज चोपड़ा ने भारत को एथलेटिक्स में अब तक का पहला मेडल दिलाया, 87.58 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड जीता

Aug 7, 2021 - 08:55
भारत ने जीता पहला गोल्ड(स्वर्ण),भारत का अब तक का सबसे सफल ओलिंपिक

टोक्यो ओलंपिक:

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिला कर इतिहास रच दिया है। नीरज ने जैवलिन थ्रो में गोल्ड जीता है। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 87.58 मीटर का रहा। ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को 13 साल बाद दूसरा गोल्ड मिला। बीजिंग ओलंपिक 2008 में पहली बार स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा दिग्गज शूटर अभिनव बिंद्रा ने किया था।

पांच प्रयास के बाद नीरज टॉप पर रहे। उनके 87.58 मीटर के थ्रो से ज्यादा कोई भी एथलीट नहीं फेंक पाया । दूसरे स्थान पर चेक गणराज्य के Jakub Vadlejch रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 86.67 मीटर का रहा । तीसरे नंबर पर विटदेस्लाव वेसेली रहे जो अपने तीसरे प्रयास में 85.44 मीटर का थ्रो किया था।

121 साल के इतिहास में एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण

भारत का एथलेटिक्स में मेडल जीतने का 121 साल का इंतजार खत्म हो गया है। जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने भारत की ओर से फाइनल में 87.58 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। नीरज ने पहले प्रयास में 87.03 मीटर और दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर दूर भाला फेंका था। तीसरे प्रयास में उन्होंने 76.79 मीटर, चौथे और 5वें में फाउल और छठे प्रयास में 80 मीटर से ज्यादा थ्रो किया।

एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक

ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स यानी एथलेटिक्स किसी भी ओलिंपिक गेम्स का सबसे मुख्य आकर्षण होते हैं, लेकिन नीरज से पहले कोई भारतीय इन इवेंट्स में मेडल नहीं जीत पाया था। ब्रिटिश इंडिया की ओर से खेलते हुए नॉर्मन प्रिटचार्ड ने साल 1900 में हुए ओलिंपिक में एथलेटिक्स में दो मेडल जीते थे, लेकिन वे भारतीय नहीं अंग्रेज थे।

भारत का सबसे सफल ओलिंपिक
भारत का यह सबसे सफल ओलिंपिक बन गया है। 2012 में लंदन ओलिंपिक में भारत ने 6 मेडल जीते थे। टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज समेत कुल 7 मेडल जीत लिए हैं। नीरज के गोल्ड के अलावा मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्वर, पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में ब्रॉन्ज और लवलिना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इसके अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज और कुश्ती में रवि दहिया ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं बजरंग ने शनिवार को ब्रॉन्ज मेडल जीता।

नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलम्पिक में जीता स्वर्ण

13 साल बाद भारत को मिला स्वर्ण पदक
ओलिंपिक गेम्स में 13 साल बाद भारत को किसी इवेंट में गोल्ड मेडल मिला है। इससे पहले 2008 में बीजिंग ओलिंपिक निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड जीता था। बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल इवेंट का गोल्ड अपने नाम किया था।

अब तक भारत का 10वां स्वर्ण पदक
यह ओलिंपिक गेम्स में भारत का अब तक का 10वां गोल्ड मेडल है। भारत ने इससे पहले हॉकी में 8 और शूटिंग में 1 गोल्ड मेडल जीता है। इस तरह भारत का यह सिर्फ दूसरा इंडिविजुअल गोल्ड मेडल भी है।

5 मेगा स्पोर्ट्स इवेंट में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं
नीरज चोपड़ा हरियाणा के पानीपत जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने वजन कम करने के लिए एथलेटिक्स जॉइन की थी। जल्द ही वे एज ग्रुप प्रतियोगिताओं में अच्छा परफॉर्म करने लगे और कई टूर्नामेंट में जीत हासिल की। 2016 में उन्होंने इंडियन आर्मी जॉइन की। इंडियन आर्मी में काम करने वाले नीरज अपने करियर में टोक्यो ओलिंपिक से पहले 5 मेगा स्पोर्ट्स इवेंट में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन चैंपियनशिप, साउथ एशियन गेम्स और वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। नीरज चोपड़ा ने अपनी थ्रोइंग स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए जर्मनी के बायो मैकेनिक्स एक्सपर्ट क्लाउस बार्तोनित्ज से ट्रेनिंग ली है। इसके बाद उनके प्रदर्शन में निरंतरता आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0