इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- MMDR एक्ट से बंद हो जाएंगी मंईयां सम्मान योजना और बच्चों की छात्रवृत्ति
रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। विपक्ष जहां राज्य सरकार पर कोयला चोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने झारखंड और यहां के आदिवासी-मूलवासियों के हितों को बचाने का प्रयास किया है। MMDR एक्ट को लेकर उन्होंने साफ कहा कि इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। विपक्ष जहां राज्य सरकार पर कोयला चोरी और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने झारखंड और यहां के आदिवासी-मूलवासियों के हितों को बचाने का प्रयास किया है। MMDR एक्ट को लेकर उन्होंने साफ कहा कि इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि जब बीजेपी सत्ता में रहती है तो खुलेआम आदिवासी-मूलवासियों पर हमला करती है और जब सत्ता से बाहर रहती है तो उनके अधिकार छीनने का प्रयास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले SIR के नाम पर लोगों को परेशान किया गया और अब MMDR एक्ट के जरिए झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
MMDR एक्ट से योजनाओं पर पड़ेगा असर: इरफान अंसारी
इरफान अंसारी ने दावा किया कि MMDR एक्ट लागू होने से राज्य की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इससे मंईयां सम्मान योजना और बच्चों की छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी कीमत पर झारखंड के लोगों के अधिकारों से समझौता नहीं करेगी।
घुसपैठ के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर बीजेपी के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि अगर सीमा पार से घुसपैठ हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा गृह मंत्रालय के अधीन आती है। ऐसे में केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
कोयला चोरी के आरोपों को किया खारिज
झारखंड में कोयला चोरी के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में कोयला चोरी नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों की जमीन पर कोयला है, वे थोड़ा-बहुत कोयला लेते हैं तो उसे चोरी नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेवजह इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहा है।
चंपई सोरेन पर भी साधा निशाना
स्वास्थ्य मंत्री ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चंपई सोरेन समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश की जाती थी और अब मुस्लिम-आदिवासी समुदायों को लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो दिल्ली कूच करेगा महागठबंधन
इरफान अंसारी ने कहा कि SIR और MMDR के विरोध में विधानसभा में बहुमत के साथ प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार झारखंड को संवारने और राज्य के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं तो दिल्ली कूच किया जाएगा और राष्ट्रपति से मुलाकात कर राज्य का पक्ष रखा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0






