Jharkhand JPSC-JSSC Protest: झारखण्ड विधानसभा के सामने डटे हजारों छात्र, देवेंद्र नाथ महतो बोले - ‘अब नहीं रुकेगा आंदोलन, बन चुका है जन-आंदोलन’
RANCHI : रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का विधानसभा घेराव जारी है. विधानसभा गेट के सामने बड़ी संख्या में छात्र जुटे हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर डटे हैं. छात्रों की भीड़ के कारण मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग कर छात्रों को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं. विधानसभा के आसपास लगातार तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इधर, छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है और यह जन-आंदोलन का रूप ले चुका है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “‘युवा’ शब्द का उल्टा ‘वायु’ होता है और वायु को कोई नहीं रोक सकता.” महतो ने प्रदर्शनकारियों के दर्द का जिक्र करते हुए बताया कि इस विधानसभा मार्च में छात्रों की पीड़ा साफ दिखाई दे रही है.
उन्होंने कहा कि नौ दिन की भूख हड़ताल के बावजूद वे एंबुलेंस से पहुंचे और स्ट्रेचर पर लेटे हुए इस मार्च में शामिल हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है तथा वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल कर रही है, जिसे उन्होंने निंदनीय बताया.
छात्र नेता ने कहा कि सरकार डरी हुई है और यह कायर सरकार है. जब भी सरकार घबराती है, तब वह पुलिस को आगे कर देती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी आगे बढ़ते रहेंगे. सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत हो चुकी है और अब सरकार को उनकी मांगें माननी चाहिए. अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो मुख्यमंत्री पद खतरे में पड़ सकता है और सरकार हिल जाएगी.
देवेंद्र नाथ महतो ने दोहराया कि यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है, यह अब जन-आंदोलन बन चुका है और ‘युवा’ का उल्टा ‘वायु’ होने के कारण इसे कोई नहीं रोक सकता.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













