'राहुल गांधी के रूप में जिन्ना का हुआ है पुनर्जन्म', निशिकांत दुबे का तीखा हमला
NEW DELHI : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से की है। दुबे ने कहा कि राहुल गांधी, जिन्ना से भी बदतर नेता हैं। उन्होंने कहा कि जिन्ना का दूसरा जन्म राहुल गांधी जी के तौर पर हुआ है।
"वे CBI जांच क्यों नहीं चाहते?"
झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "वे CBI जांच क्यों नहीं चाहते? मुख्य आरोपी धर्मेंद्र को झारखंड सरकार के एक बड़े अधिकारी के घर से पकड़ा गया था। उन्हें पता है कि अगर जांच हुई, तो उसमें हेमंत सोरेन का नाम भी आएगा। यही वजह है कि यह सब हो रहा है। उन्हें (कांग्रेस को) झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए और यह दिखाना चाहिए कि वे छात्रों के हित में खड़े हैं। वरना, ऐसा लगेगा कि वे सोरोस के एजेंडे पर काम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "जहां भी प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन होता है, राहुल गांधी वहां नजर आते हैं। वह जिन्ना से भी बदतर नेता हैं।" भाजपा सांसद ने इसी बयान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, "जिन्ना की दूसरी पैदाइश राहुल गांधी जी के रूप में हो गई है।"
19वें दिन भी जारी छात्रों का आंदोलन
झारखंड में नौकरी के अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को 19वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं।
छात्रों की प्रमुख मांगों में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है। प्रदर्शनकारी सीबीआई जांच या राज्य के बाहर के सेवानिवृत्त हाई कोर्ट न्यायाधीशों की समिति से जांच कराने की मांग भी कर रहे हैं।
सोमवार को छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। छात्रों ने कई लोगों के घायल होने का दावा किया, जबकि रांची पुलिस के मुताबिक झड़प में उसके 14 जवान घायल हुए।
बीजेपी ने बुलाया था झारखंड बंद
पुलिस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान कई जिलों में सड़कें जाम रहीं, बाजार बंद रहे और शैक्षणिक संस्थानों पर भी असर पड़ा। बीजेपी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
हेमंत सोरेन ने दिया सुधार का भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार भर्ती परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों को 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने का आश्वासन भी दिया है। वहीं, सोरेन ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक मंच के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। ऐसे में छात्र आंदोलन अब परीक्षा सुधार और भर्ती प्रक्रिया से आगे बढ़कर झारखंड में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













