झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, 19 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश, 23 मई तक मौसम रहेगा खराब
RANCHI : झारखंड में मौसम का बदला हुआ पैटर्न अब साफ तौर पर नजर आने लगा है। राज्य में मौसम सामान्य नहीं रहा और इसका असर मई महीने में भी देखने को मिल रहा है। जहां इस समय भीषण गर्मी पड़नी चाहिए थी, वहीं राज्य के ज्यादातर जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास कम हो रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल के शुरुआती दिनों में राज्य के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था लेकिन बाद में मौसम ने अचानक करवट ले ली। मई महीने में भी अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच सका। फिलहाल राज्य का औसत तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बोकारो, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, रांची और सिमडेगा में सामान्य से 100 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। दूसरी ओर चतरा, गढ़वा, लोहरदगा और साहिबगंज जैसे जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। इससे साफ है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है।
मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि मई के अंतिम सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। 23 मई तक राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। खासकर 19 और 20 मई को संताल परगना, मध्य झारखंड, रांची और आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वरीय मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक झारखंड में मौसम का यह बदलाव क्लाइमेट चेंज का संकेत है। उन्होंने कहा कि अब बारिश के साथ तेज हवा, भारी वर्षा और वज्रपात जैसी घटनाएं पहले की तुलना में ज्यादा देखने को मिल रही हैं। लोगों को मौसम खराब होने पर सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











