ऑफिस में 9 घंटे रहते हैं कुर्सी से चिपके तो हो जाएं सावधान, इन 5 गंभीर बीमारियों को दे रहे हैं न्योता
भले ही यह काम करने का आसान तरीका लगता हो लेकिन लगातार 8-9 घंटे तक एक ही जगह बैठे रहना आपकी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे “न्यू स्मोकिंग” तक कहने लगे हैं।
HEALTH DESK : आज के दौर में कॉरपोरेट लाइफस्टाइल तेजी से बढ़ रहा है और ज्यादातर लोग दिन का बड़ा हिस्सा ऑफिस में कुर्सी पर बैठकर गुजारते हैं। भले ही यह काम करने का आसान तरीका लगता हो लेकिन लगातार 8-9 घंटे तक एक ही जगह बैठे रहना आपकी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे “न्यू स्मोकिंग” तक कहने लगे हैं।
इन बीमारियों का है गंभीर खतरा
दरअसल, लंबे समय तक बैठने से शरीर की मेटाबॉलिक गतिविधियां धीमी पड़ जाती हैं और मांसपेशियां लगभग निष्क्रिय हो जाती हैं। इसका असर धीरे-धीरे पूरे शरीर पर दिखने लगता है। रिसर्च के अनुसार, ज्यादा देर तक बैठने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
शुगर का है खतरा
इसके अलावा लगातार बैठने से इंसुलिन की कार्यक्षमता भी कम हो जाती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ने लगता है और आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता घटने से पेट के आसपास चर्बी जमा होने लगती है, जो मोटापे और मेटाबॉलिक सिंड्रोम को जन्म देती है।
कमर दर्द और डिस्क प्रॉब्लम के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर असर
गलत ढंग से बैठने से रीढ़ की हड्डी पर दबाव पड़ता है, जिससे कमर दर्द, डिस्क की समस्या और “टेक नेक” जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं। यह स्थिति लंबे समय में गर्दन और कंधों की नसों को प्रभावित कर सकती है। सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ता है। लगातार बैठे रहने और एक्टिविटी की कमी के कारण शरीर में हैप्पी हार्मोन कम बनने लगते हैं, जिससे तनाव, डिप्रेशन और एंजायटी का खतरा बढ़ सकता है।
कैसे करें बचाव?
इन समस्याओं से बचने के लिए जरूरी है कि आप अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव करें। हर 30 मिनट में कुछ मिनट के लिए खड़े हों, स्ट्रेचिंग करें या थोड़ी देर टहल लें। फोन पर बात करते समय चलने की आदत डालें और लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि सिर्फ जिम में एक घंटा बिताना काफी नहीं है बल्कि पूरे दिन शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











