कौन हैं माखनलाल सरकार, जिनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छुए पैर, भावुक हुआ परिवार, बेटे और बहू ने क्या कहा, यहां जानिए सबकुछ

करीब 98 वर्षीय माखनलाल सरकार को पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे पुराना और समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है। उनका राजनीतिक सफर भारतीय जनसंघ के दौर से शुरू हुआ था।

May 9, 2026 - 16:56
कौन हैं माखनलाल सरकार, जिनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छुए पैर, भावुक हुआ परिवार, बेटे और बहू ने क्या कहा, यहां जानिए सबकुछ

NEWS DESK : कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल की पहली बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक ऐसा भावुक पल देखने को मिला, जिसने पूरे कार्यक्रम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंच पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठतम कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को पहले शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और फिर झुककर उनके चरण स्पर्श किए।

करीब 98 वर्षीय माखनलाल सरकार को पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे पुराना और समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है। उनका राजनीतिक सफर भारतीय जनसंघ के दौर से शुरू हुआ था। बताया जाता है कि वर्ष 1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक कश्मीर यात्रा के दौरान वह उनके साथ मौजूद थे और आंदोलन के दौरान गिरफ्तार भी किए गए थे।

माखनलाल सरकार ने उस समय बंगाल में संगठन खड़ा करने का काम किया, जब राज्य में संघ और बीजेपी की मौजूदगी बेहद सीमित थी। साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के बाद उन्होंने उत्तर बंगाल में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाली। वह सिलीगुड़ी जिला इकाई के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे।

संगठन विस्तार में उनकी भूमिका को पार्टी नेता आज भी याद करते हैं। उत्तर बंगाल के कई जिलों में काम करते हुए उन्होंने बेहद कम समय में हजारों लोगों को पार्टी से जोड़ा था। पार्टी नेताओं का कहना है कि माखनलाल सरकार ने प्रचार से दूर रहकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में पूरी जिंदगी लगा दी।

बीजेपी की बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद भी वह चर्चा में आए थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि राज्य में पार्टी की सरकार बनना उनके जीवनभर की तपस्या का परिणाम है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि सिलीगुड़ी सीट पर उम्मीदवार चयन में उनकी अहम भूमिका रही थी।

वहीं, माखनलाल सरकार की बहू मीनू सरकार ने बताया कि यह एक ऐतिहासिक दिन है। पार्टी के लिए मेरे ससुर के सालों के समर्पण के बाद पीएम ने उन्हें सम्मानित किया। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। यह बेहद ही खुशी का दिन है। मेरे ससुर ने दशकों तक सेवा की। मैंने उनके बलिदानों को देखा है।


 
उनके बड़े बेटे माणिक सरकार ने बताया कि उनके पिता को एक बार राष्ट्रगान गाने के लिए गिरफ्तार किया गया था। तब आरएसएस पर बैन लगा हुआ था। बहुत अच्छा लगा रहा है। मुझे गर्व है कि मेरे पिता को प्रधानमंत्री ने सम्मानित किया है। उन्होंने पार्टी के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ काम किया था। मैं उनसे बहुत प्यार करता था और उनका समर्पण देखा था। उन्हें एक बार राष्ट्रगान गाने के लिए गिरफ्तार किया गया था, उस समय जब जागरूकता बहुत कम थी और RSS पर प्रतिबंध लगा हुआ था। आज 98 साल की उम्र में वह एक सादा जीवन जी रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर माखनलाल सरकार का विशेष रूप से उल्लेख किया। पीएम मोदी ने लिखा कि माखनलाल सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ काम किया और पश्चिम बंगाल में बीजेपी की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत हैं।

इधर, पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के गठन के साथ शुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में पहली बार सरकार बनाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0