बोकारो के लाल मल्लिकार्जुन ने किया कमाल, श्रीलंका में जंप रोप में जीता दो स्वर्ण पदक, बढ़ाया भारत का मान
BOKARO : बोकारो के युवा खिलाड़ी मल्लिकार्जुन मिश्रा ने श्रीलंका के कोलंबो में 27 से 30 जून तक आयोजित दक्षिण एशियाई युवा खेल (South Asian Youth Games)-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में भारत ने कुल 12 स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जिसमें मल्लिकार्जुन के दो स्वर्ण पदकों का अहम योगदान रहा.
दो स्पर्धाओं में दो स्वर्ण, मल्लिकार्जुन का शानदार प्रदर्शन
एकलव्य स्पोर्ट्स आर्ट एंड कल्चर अकादमी और बोकारो जिला जंप रोप संघ के खिलाड़ी मल्लिकार्जुन ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता. इस स्पर्धा में नेपाल दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा. इसके बाद उन्होंने ट्रिपल अंडर स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस स्पर्धा में भूटान दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा.
परिवार के सहयोग से मल्लिकार्जुन को मिली बड़ी सफलता
मल्लिकार्जुन मिश्रा, बोकारो निवासी ब्रज भूषण मिश्रा और कुसुम मिश्रा के बेटे हैं. उनके पिता ब्रज भूषण मिश्रा सेल के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में चार्जमैन के पद पर कार्यरत हैं जबकि उनकी माता कुसुम मिश्रा गृहिणी हैं. परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
सफलता का श्रेय अभ्यास, माता-पिता और कोच को दिया
मल्लिकार्जुन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय नियमित अभ्यास, अपने माता-पिता के सहयोग और अपने कोच राहुल प्रताप के मार्गदर्शन को दिया. कोच राहुल प्रताप ने कहा कि मल्लिकार्जुन की यह उपलब्धि पूरे झारखंड और भारत के लिए गर्व की बात है. उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











