पूर्व CM नीतीश कुमार से अनंत सिंह ने की मुलाकात, हाथ जोड़ मुस्कुराए, दिखा ये खास अंदाज
PATNA : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने गुरुवार को मुलाकात की. यह मुलाकात 7 सर्कुलर रोड में नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर हुई. मुलाकात की कुछ तस्वीर भी सामने आई. उसमें देखा गया कि विधायक अनंत सिंह हाथ जोड़कर और मुस्कुराकर नीतीश कुमार से मिल रहे हैं. दूसरी तरफ नीतीश कुमार भी उनका अभिवादन कर रहे हैं.
सियासी गलियारे में चर्चा तेज
इस तरह से देखा जाए तो तस्वीर में दोनों नेता चिर-परिचित अंदाज में ही नजर आए. अनंत सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात को लेकर सियासी गलियारे में कई तरह की चर्चा तेज हो गई है. साथ ही दोनों नेताओं के बीच क्या कुछ बातें हुईं, इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. लेकिन अब तक इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
उपचुनाव के बाद पहली बार मिले
बांकीपुर उपचुनाव के बाद पहली बार अनंत सिंह और नीतीश कुमार की मुलाकात हुई, इस वजह से यह खास भी मानी जा रही है. बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत हुई थी. इस परिणाम पर अनंत सिंह ने बयान दिया था कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो कुछ और ही रिजल्ट होता. जनता के बीच यह मैसेज गया कि नीतीश कुमार को कुर्सी से हटा दिया गया, इस वजह से बांकीपुर में एनडीए की हार हुई.
इन मुद्दों पर चर्चा की संभावना
इस मुलाकात के बाद यह भी संभावना जताई जा रही है कि दोनों के बीच मोकामा विधानसभा के विकास को लेकर चर्चा हुई होगी या अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी बातचीत हुई होगी. लेकिन आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है. पिछले दिनों नीतीश कुमार को लेकर यह खबर सामने आई थी कि नीतीश कुमार फिर बिहार की यात्रा पर निकल सकते हैं.
नीतीश कुमार फिर निकल सकते हैं यात्रा पर
नीतीश कुमार मंगलवार को पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे थे. उस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और वहां मौजूद अन्य लोगों से मुलाकात की थी. संजय झा ने नीतीश कुमार से कहा था कि लोगों की इच्छा है कि वह उनके बीच जाएं और उनसे मिलें. इसके बाद अक्टूबर से नीतीश कुमार के बिहार में लोगों के बीच जाने की तैयारी की खबर सामने आई. जानकारी के अनुसार, इसके लिए अब रूपरेखा तैयार की जा रही है. लेकिन आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं हुई है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







