बिहार में अपराधियों पर सख्ती की तैयारी, CM सम्राट चौधरी ने दिए जिलावार सूची बनाने और CCA के तहत कार्रवाई के निर्देश
पटना, बिहार: बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार को सुरक्षित एवं अपराध मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटना, बिहार: बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार को सुरक्षित एवं अपराध मुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराधियों की जिलावार और थानावार सूची बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अपराध नियंत्रण के लिए अपराधियों की जिलावार एवं थानावार सूची तैयार करने और उनकी पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ जरूरत के अनुसार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को अपराध के मामलों में त्वरित अनुसंधान और मजबूत अभियोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार जल्द सजा मिल सके। संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त, लगातार निगरानी और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
डायल-112 की सेवा होगी और बेहतर
आपातकालीन परिस्थितियों में आम लोगों को जल्द पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने डायल-112 की व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि बिहार में डायल-112 का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 11 मिनट या उससे कम है, जबकि बैठक में राष्ट्रीय औसत 17 मिनट बताया गया।
मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ प्रतिक्रिया समय में और सुधार करने तथा तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से आपातकालीन पुलिस सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।
साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और साइबर अपराध नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
सोशल मीडिया से जुड़े संवेदनशील मामलों में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दो घंटे के भीतर आवश्यक प्रतिक्रिया देने तथा मुख्यालय स्तर से निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोग समय पर शिकायत दर्ज करा सकें।
नशे के अवैध कारोबार और आर्थिक अपराधों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया। आर्थिक अपराधों की समीक्षा के दौरान अवैध तरीके से संपत्ति या आर्थिक लाभ अर्जित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने प्रभावी अनुसंधान और अभियोजन के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया।
प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतियोगी परीक्षाओं को स्वच्छ और कदाचार मुक्त बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अशांति फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार और पुलिस मुख्यालय समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि बिहार में कानून का शासन बनाए रखने, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







