स्थापना दिवस पखवाड़ा: झारखंड के गांव-गांव तक पहुंचा विकास का संदेश, आवास से लेकर रोजगार और खेल तक हुए कई आयोजन

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 23 नवंबर को राज्यभर में गृह प्रवेश, कृषि मेला, महिला सशक्तिकरण, खेल प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Nov 24, 2026 - 09:44
स्थापना दिवस पखवाड़ा: झारखंड के गांव-गांव तक पहुंचा विकास का संदेश, आवास से लेकर रोजगार और खेल तक हुए कई आयोजन

रांची: - झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार, 23 नवंबर को पंचायत से लेकर जिला स्तर तक स्वास्थ्य शिविर, गृह प्रवेश, कृषि मेला, खेल प्रतियोगिता, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता अभियान के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।

इस दौरान गरीब परिवारों को पक्के मकान की सौगात मिली, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वहीं युवाओं और बच्चों को नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

677 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। सरायकेला-खरसावां जिले में 23 नवंबर को 76 परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया। यहां 17 से 23 नवंबर तक कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है।

इसके अलावा कोडरमा में 41 और गोड्डा में 29 परिवारों को पक्के मकान की सौगात मिली। कई स्थानों पर लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक की जानकारी

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रांची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ समेत विभिन्न जिलों में कृषि मेला, रबी कार्यशाला, बीज वितरण और पशुपालन शिविर आयोजित किए गए। किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल और फसल बीमा की जानकारी दी गई।

रांची में विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसके साथ ही मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ की सहायता

महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन को लेकर भी कई कार्यक्रम हुए। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वित्तीय प्रबंधन, आजीविका गतिविधियों और पोषण वाटिका से जोड़ा गया।

जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, किचन गार्डन किट वितरण और महिला समूहों के सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

600 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, लोकसंस्कृति को मिला मंच

खेल और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल समेत विभिन्न पारंपरिक खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई।

वहीं बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन कर लोककला और जनजातीय परंपराओं को प्रोत्साहित किया गया।

स्वास्थ्य जांच से लेकर बाल अधिकारों तक जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न जिलों में जांच और परामर्श शिविर लगाए गए। जमशेदपुर के बहरागोड़ा में आयोजित मिर्गी जांच शिविर में 30 नए मरीजों को परामर्श और दवा उपलब्ध कराई गई, जबकि 61 पुराने मरीजों की भी जांच हुई। सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई।

लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा चतरा, दुमका, पाकुड़ और गोड्डा समेत कई जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जनभागीदारी से विकास योजनाओं को गति देने की पहल

स्थापना दिवस पखवाड़ा के जरिए राज्य सरकार की ओर से विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आवास, कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और खेल जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याण और आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0