पटना मेट्रो का बड़ा विस्तार, मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक सेवा शुरू, CM सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन
PATNA : पटनावासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना मेट्रो के मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करते हुए मेट्रो सेवा का विस्तार भूतनाथ रोड स्टेशन तक कर दिया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री स्वयं मेट्रो ट्रेन में सवार होकर मलाही पकड़ी से भूतनाथ रोड स्टेशन तक पहुंचे। इस दौरान उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
मलाही पकड़ी और भूतनाथ रोड स्टेशन के बीच की दूरी करीब तीन किलोमीटर है। इस स्टेशन के शुरू होने का इंतजार स्थानीय लोग कई महीनों से कर रहे थे। अब उद्घाटन के बाद आम यात्री भी मलाही पकड़ी स्टेशन से मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
मलाही पकड़ी स्टेशन के संचालन के साथ अब इस कॉरिडोर पर कुल चार मेट्रो स्टेशन—मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी—संचालित होंगे। हालांकि, भूतनाथ और जीरो माइल के बीच बनने वाला खेमनीचक मेट्रो स्टेशन अभी निर्माणाधीन है।
अब मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक 6.2 किलोमीटर की दूरी महज 16 मिनट में तय की जा सकेगी। सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हर 35 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल इस रूट पर एक ही मेट्रो ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक यात्रा के लिए 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है, जो वर्तमान में इस रूट का अधिकतम किराया है। इस विस्तार से खासकर कंकड़बाग, राजेंद्रनगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ने से इन क्षेत्रों के लोगों का सफर अधिक तेज और सुविधाजनक होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 9217080421 और पटना मेट्रो हेल्पलाइन नंबर 155370 जारी किया गया है, जहां किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त की जा सकती है।
उद्घाटन समारोह के मद्देनजर गुरुवार को मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित रखी गईं। इसके बाद नियमित रूप से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से मेट्रो सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उद्घाटन से पहले स्टेशन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस विस्तार के साथ पटना मेट्रो अब भूतनाथ से आगे बढ़कर कंकड़बाग और राजेंद्रनगर जैसे प्रमुख आवासीय क्षेत्रों तक अपनी पहुंच मजबूत करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











