दीपावली से पहले पंचायतों की बदलेगी तस्वीर, ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

बिहार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत पंचायत स्तर पर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के मरम्मत व उन्नयन कार्यों को गति दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य दीपावली से पहले जरूरी विकास कार्य पूरे कर पंचायतों में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

Sep 23, 2026 - 09:50
दीपावली से पहले पंचायतों की बदलेगी तस्वीर, ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

पटना: बिहार में पंचायत स्तर पर सार्वजनिक सुविधाओं और सरकारी परिसंपत्तियों को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। 18 सितंबर को पटना के लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान ‘कायाकल्प पोर्टल’ भी लॉन्च किया गया, जिसके माध्यम से विकास कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाएगी। 

अभियान का उद्देश्य पंचायतों में मौजूद सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर, स्वच्छ और उपयोगी बनाना है। इसके तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक भवनों, छात्रावासों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में जरूरी मरम्मत, सुदृढ़ीकरण, रंगाई-पुताई और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे।

दीपावली से पहले जरूरी काम पूरे करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से पंचायत स्तर के जरूरी छोटे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा है। मौजूदा सार्वजनिक परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मती से जुड़े कार्यों को 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, अधिक से अधिक जरूरी कार्यों को दीपावली से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया है। 

स्कूल से स्वास्थ्य केंद्र तक होंगे काम

अभियान के तहत विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक भवनों से जुड़े कार्य, स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी सुविधाओं का सुधार तथा छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने जैसे काम शामिल हैं। इसका उद्देश्य छोटे लेकिन जरूरी विकास कार्यों को तेजी से पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। 

नई आधारभूत संरचनाओं के लिए मार्च 2027 तक का लक्ष्य

अभियान का दूसरा हिस्सा नई आधारभूत संरचनाओं और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण से जुड़ा है। इसके लिए 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘कायाकल्प’ पोर्टल पर संबंधित विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। 

इस अभियान के जरिए पंचायत स्तर पर लंबित छोटे-छोटे विकास कार्यों को गति देने और आम लोगों के लिए जरूरी सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर फोकस किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0