Pune liquor case : पुणे में जहरीली शराब पीने से अबतक 12 लोगों की मौत, मचा हाहाकार, एक गिरफ्तार

May 29, 2026 - 17:20
Pune liquor case : पुणे में जहरीली शराब पीने से अबतक 12 लोगों की मौत, मचा हाहाकार, एक गिरफ्तार

Pune liquor case : महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार पुणे और आसपास के इलाकों में 24 घंटे के भीतर कई लोगों ने पेट में दर्द की शिकायत की और बाद में उनकी मौत हो गई. आठ लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने मेथनॉल मिली जहरीली शराब के पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है.

देसी शराब की आपूर्ति करने वाला हिरासत में

पिंपरी-चिंचवड के फुगेवाडी इलाके और पुणे के हडपसर में इन मौतों के संबंध में सूचनाएं मिलीं. आबकारी विभाग के अनुसार इन इलाकों में देसी शराब की आपूर्ति करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. उस व्यक्ति के खिलाफ दापोडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. 

पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि मरने वालों को शराब के नशे की हिस्ट्री के साथ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. उनका पोस्टमॉर्टम हो गया है और बिसरा को फॉरेन्सिक लैब भेज दिया गया है. जांच के नतीजों के आधार पर, केस दर्ज कर लिया गया है. दोषियों को सख्त सजा मिलेगी. हमने पुणे शहर के इलाके में गैर-कानूनी शराब के खिलाफ 1000 रेड की हैं. हम अपनी तलाश और तेज कर रहे हैं.

एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने दुकान में की तोड़फोड़

जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत की सूचना के बाद आक्रोशित एनसीपी कार्यकर्ताओं ने उस दुकान में तोड़फोड़ की, जहां से गैर कानूनी शराब की बिक्री की जा रही थी. हडपसर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उनके क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा इन लोगों ने पेट दर्द की शिकायत की थी. फिलहाल मौत की असली वजह का पता लगाया जा रहा है. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0