गया मानपुर में गोलीबारी, दारोगा के बेटों को मारी गोली, छोटे के मौत, बड़ा का हालत गंभीर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट बदमाशों ने दारोगा पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी। इस घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) की हालत गंभीर बनी हुई है।
गया जी। दुर्गा पूजा के दौरान गया जिले के मानपुर में गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट बदमाशों ने दारोगा पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी। इस घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना नवमी की आधी रात की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद दोनों भाइयों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां छोटे भाई रानू सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, बड़े भाई मोनू सिंह का इलाज जारी है। दोनों भाई मूल रूप से गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटनास्थल के आसपास जुआ और शराब का अड्डा संचालित होता है। आशंका जताई जा रही है कि जुए को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान और डीएसपी अभिनव कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





