रांची में AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर फेंकी गई स्याही, परीक्षा धांधली के खिलाफ घेरने निकली थीं विधानसभा, बोले CM हेमंत सोरेन : छात्रों से बातचीत को तैयार हैं हम
RANCHI : झारखंड में 14वीं JPSC रद्द करने की मांग को लेकर छात्र 14 दिनों से धरने पर हैं। छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ता विधानसभा घेरने निकले। इस दौरान AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंकी। उसे हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ा है।
छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड CM हेमंत सोरेन ने कहा कि 'हमने छात्रों को अपनी बात रखने के लिए पहले ही सभी जरूरी मंच उपलब्ध करा दिए हैं। सरकार हर छात्र की समस्याओं को समझना चाहती है।' हालांकि, सरकार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महाधिवक्ता के होने पर आपत्ति है। सरकार ने साफ किया है कि वो केवल छात्रों से बात करेगी।
इधर, 4 दिन से अनशन पर बैठे आंदोलनकारी राहुल क्रांति की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से रांची सदर अस्पताल ले जाया गया है। देवेंद्र नाथ समेत 6 आंदोलनकारी भूख हड़ताल पर हैं।
वहीं, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड के छात्रों के आंदोलन पर कहा कि अगर 13 अगस्त तक छात्रों की मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो वह अपनी पार्टी से अनुमति लेकर आंदोलन में शामिल होंगे। जरूरत पड़ी तो वह छात्रों के समर्थन में अनशन भी करेंगे।
नेहा बोलीं- आंसू गैस से नहीं डरे तो स्याही क्या चीज है
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर AISA ने पहले ही विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। इसी दौरान AISA ने छात्रों के समर्थन में झारखंड विधानसभा तक मार्च निकाला। नेहा बोरा ने इससे पहले स्टेडियम पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और आंदोलन को अपना समर्थन दिया था।
नेहा बोरा ने कहा कि झारखंड और पूरे देश में होने वाली हर परीक्षा सरकारी संस्थाओं द्वारा पारदर्शी और तरीके से होनी चाहिए। जब भी कोई पेपर लीक होता है, तो उसकी जिम्मेदारी सिर्फ प्राइवेट एजेंसियों पर नहीं डाली जा सकती। संबंधित सरकारी अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम मांग करते हैं कि सिस्टम में शामिल और जिन पर गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के आरोप हैं, उन सभी प्राइवेट एजेंसियों को हटाया जाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













