गाय की हत्या और वास्तु के बहाने घरों की रेकी, रात में बंद मकानों को बनाते थे निशाना; पलामू में अंतरजिला चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

पलामू: पलामू पुलिस ने अंतरजिला गृहभेदन और चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन के समय घर-घर जाकर धार्मिक और वास्तु से जुड़ी बातें करते हुए मकानों की रेकी करते थे। कई जगहों पर वे लोगों से कहते थे कि गाय की हत्या हो गई है और उसकी क्षमा व पिंडदान के लिए बनारस जाना है। इसी बहाने वे घर की स्थिति और आसपास के माहौल की जानकारी जुटाते थे।

Sep 27, 2026 - 21:17
गाय की हत्या और वास्तु के बहाने घरों की रेकी, रात में बंद मकानों को बनाते थे निशाना; पलामू में अंतरजिला चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

पलामू:- पलामू पुलिस ने अंतरजिला गृहभेदन और चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन के समय घर-घर जाकर धार्मिक और वास्तु से जुड़ी बातें करते हुए मकानों की रेकी करते थे। कई जगहों पर वे लोगों से कहते थे कि गाय की हत्या हो गई है और उसकी क्षमा व पिंडदान के लिए बनारस जाना है। इसी बहाने वे घर की स्थिति और आसपास के माहौल की जानकारी जुटाते थे।

पुलिस के मुताबिक, रेकी के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को जानकारी दी जाती थी। इसके बाद रात में बंद मकानों को निशाना बनाया जाता था। आरोपी दरवाजा या खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश करते और नकद रुपये तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो जाते थे।

मामला शहर थाना कांड संख्या 315/2026 से जुड़ा है। 28 अगस्त 2026 को सदुना, गायत्री मंदिर रोड निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में शहर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर पहुंची, जहां से तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए लाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पलामू और गढ़वा के विभिन्न इलाकों में दिन के समय बंद घरों की रेकी और रात में उन्हीं घरों में चोरी करने की जानकारी सामने आई।

चोरी के गहने डालमियानगर के ज्वेलर्स को बेचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स में बेचता था। इसके बाद पुलिस ने डालमियानगर से दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस ने ज्वेलर्स के यहां से करीब 45 ग्राम सोना, माला और लॉकेट समेत लगभग 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण तथा करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसा आभूषण बरामद किया है।

इसके अलावा चोरी के दौरान दरवाजे और खिड़की तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत कई औजार भी बरामद किए गए हैं।

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, अरविन्द खेरवार, राजू कुमार और राज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में कुछ झारखंड के सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य का संबंध बिहार के रोहतास जिले से है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग तारीखों में हुई कई चोरी की घटनाओं में उनकी कथित संलिप्तता की जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़े दूसरे मामलों की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत क्राइम कंट्रोल विंग और शहर थाना की टीम शामिल रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0