लुगू बुरू को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी झारखंड सरकार, सीएम हेमंत सोरेन बोले- शिक्षा से ही मजबूत होगा आदिवासी समाज

बोकारो: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित 'लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन' के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर जोर देते हुए लोगों से संगठित होने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

Nov 24, 2026 - 20:04
लुगू बुरू को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी झारखंड सरकार, सीएम हेमंत सोरेन बोले- शिक्षा से ही मजबूत होगा आदिवासी समाज

बोकारो: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित 'लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन' के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर जोर देते हुए लोगों से संगठित होने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है। यहां से निकलने वाले खनिजों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन दुर्भाग्य है कि खनिज संपदा वाले इस राज्य का आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की जमीनों से खनिजों का खनन हो रहा है, इसलिए खनिज संपदा पर समाज के लोगों की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए।

शिक्षा से आएगा समाज में सकारात्मक बदलाव

हेमंत सोरेन ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सभी लोगों को एकजुट और संगठित होना होगा। आदिवासी समाज के युवाओं को शिक्षित बनाना बेहद जरूरी है, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और समाज एवं राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा।

देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा लुगू बुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। इस धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि देशभर से आदिवासी समाज के लोग यहां आकर इसकी परंपरा, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व को जान सकें।

उन्होंने बताया कि यहां एक संग्रहालय का भी निर्माण कराया जा रहा है। संग्रहालय के माध्यम से नई पीढ़ी को आदिवासी समाज की पारंपरिक, सांस्कृतिक और पौराणिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्थल के विकास के लिए प्रत्येक वर्ष प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में यहां सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।

सरना धर्म कोड के लिए सरकार कर रही काम

मुख्यमंत्री ने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरना धर्म कोड के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आने वाले समय में जनगणना का कार्य भी शुरू होना है। ऐसे में आदिवासी समाज के लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है।

तीन दिनों तक बांटा जा रहा खिचड़ी प्रसाद

लुगू बुरू राजकीय महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री के दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की स्मृति में तीन दिनों तक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे श्रद्धा और स्मृति से जुड़ा आयोजन बताया।

इससे पहले ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री चमरा लिंडा, राज्य मंत्री फागू बेसरा, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, उमाकांत रजक समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से भी प्रतिनिधि पहुंचे। बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0