झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के मुख्य कार्यक्रम की तैयारी तेज, पूजा सिंघल ने बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का किया निरीक्षण
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव सह आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन पूरी तरह व्यवस्थित, भव्य और यादगार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दें।
27 नवंबर तक मनाया जा रहा स्थापना दिवस पखवाड़ा
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 17 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक राज्यभर में स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
तीन खास थीम पर लगेंगी प्रदर्शनियां
इस वर्ष स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान तीन प्रमुख थीम पर आधारित प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट यानी एक जिला-एक उत्पाद, वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन यानी एक जिला-एक पर्यटन स्थल और वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी यानी एक जिला-एक आर्थिक गतिविधि शामिल हैं।
इन प्रदर्शनियों का उद्देश्य प्रत्येक जिले की विशिष्ट पहचान को सामने लाना है। इसके जरिए स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ झारखंड की विविधता और संभावनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की ओर से सभी जिलों के उपायुक्तों को आकर्षक, प्रभावशाली और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सरकार की कोशिश है कि इन आयोजनों के माध्यम से 'एक जिला-एक पहचान' की अवधारणा को मजबूत किया जा सके।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
स्टेडियम निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के मनोज कुमार, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी माधवी मिश्रा, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश लकड़ा, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




