झारखंड हाईकोर्ट के चार बड़े फैसले, वनकर्मी 60 साल तक करेगा नौकरी; IAS अधिकारी को भी राहत

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने सेवा और प्रशासनिक मामलों में महत्वपूर्ण फैसले सुनाते हुए चार लोगों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने एक ओर वन निगम के कर्मचारी को 60 वर्ष की उम्र तक सेवा में बनाए रखने का आदेश दिया है, वहीं दूसरी ओर 2014 बैच के IAS अधिकारी, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और दैनिक वेतनभोगी चालक के मामले में भी राहत प्रदान की है।

Nov 24, 2026 - 14:56
झारखंड हाईकोर्ट के चार बड़े फैसले, वनकर्मी 60 साल तक करेगा नौकरी; IAS अधिकारी को भी राहत

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने सेवा और प्रशासनिक मामलों में महत्वपूर्ण फैसले सुनाते हुए चार लोगों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने एक ओर वन निगम के कर्मचारी को 60 वर्ष की उम्र तक सेवा में बनाए रखने का आदेश दिया है, वहीं दूसरी ओर 2014 बैच के IAS अधिकारी, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और दैनिक वेतनभोगी चालक के मामले में भी राहत प्रदान की है।

58 साल में रिटायर करने का आदेश रद्द, 60 साल तक मिलेगी नौकरी

हाईकोर्ट ने वन निगम के कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को बड़ी राहत देते हुए 58 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त करने के आदेश को रद्द कर दिया है। अदालत ने उन्हें 60 वर्ष की उम्र तक सेवा में मानने और इस अवधि के बकाया वेतन सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभ देने का निर्देश दिया है। संबंधित विभाग को 16 सप्ताह के भीतर बकाया राशि की गणना कर भुगतान करने को कहा गया है।

दरअसल, याचिकाकर्ता बिहार राज्य वन विकास निगम में कार्यरत थे। झारखंड गठन के बाद उन्होंने झारखंड राज्य वन विकास निगम में भी सेवा जारी रखी। विभाग ने 5 अप्रैल 2012 को आदेश जारी कर उन्हें 31 जुलाई 2012 से 58 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त करने का निर्णय लिया था। इस फैसले को उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

IAS अधिकारी को अपर सचिव पद पर पोस्टिंग का आदेश

एक अन्य मामले में हाईकोर्ट ने 2014 बैच के IAS अधिकारी पवन कुमार मंडल को बड़ी राहत दी है। अदालत ने राज्य सरकार को उन्हें अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि जब 2015 बैच के अधिकारियों को अपर सचिव पद पर पदस्थापित किया जा चुका है, तो उनसे वरिष्ठ अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है। सरकार को छह सप्ताह के भीतर पदस्थापन का आदेश जारी करने को कहा गया है।

एसोसिएट प्रोफेसर को मिलेगा पीएचडी इंक्रीमेंट का लाभ

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा को भी हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उन्हें पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ देने और बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये निर्धारित करने का आदेश दिया है। साथ ही बकाया एरियर का भुगतान 12 सप्ताह के भीतर करने का निर्देश राज्य सरकार और विश्वविद्यालय को दिया गया है।

दैनिक वेतनभोगी चालक की सेवा नियमित करने का आदेश

चौथे मामले में हाईकोर्ट ने गिरिडीह निवासी कुलदीप कुमार तुरी को राहत देते हुए उनकी सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है। वह मई 2009 से गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध दैनिक वेतन पर जीप चालक के रूप में काम कर रहे हैं। अदालत ने उनकी सेवा नियमित करने से इनकार करने वाले राज्य स्तरीय समिति के आदेश को निरस्त कर दिया है। संबंधित विभाग को आदेश की प्रति मिलने के आठ सप्ताह के भीतर उनकी सेवा नियमित करने का निर्देश दिया गया है।

हाईकोर्ट के इन फैसलों से लंबे समय से सेवा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0