सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र तारापुर में विकास योजनाओं पर भ्रष्टाचार के आरोप, 19 लाख के नाले में गड़बड़ी तो 4 लाख का प्याऊ दो महीने में बंद!

मुंगेर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह विधानसभा क्षेत्र तारापुर में नगर पंचायत की विकास योजनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी राशि के इस्तेमाल को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कहीं करीब 19 लाख रुपये की लागत से बन रहे नाले के निर्माण में अनियमितता का आरोप है, तो कहीं चार लाख रुपये की लागत से लगाया गया प्याऊ महज दो महीने चलने के बाद बंद पड़ा है। इन मामलों को लेकर स्थानीय वार्ड पार्षद ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Nov 24, 2026 - 16:20

19 लाख के नाला निर्माण में गुणवत्ता से खिलवाड़ का आरोप

पूरा मामला मुंगेर जिले के तारापुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित गोगाचक का है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि करीब 19 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराए जा रहे नाला निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण कार्य करा रहे संवेदक मोहम्मद सिकन्दर रजा पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब वे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हैं, तो संवेदक के मुंशी की ओर से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इससे लोगों में नाराजगी है।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप

वार्ड संख्या 12 के पार्षद सन्नी कुमार ने बताया कि उन्होंने स्वयं नाला निर्माण में कथित गड़बड़ी देखी है। इस संबंध में नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

चार लाख की लागत से लगा प्याऊ दो महीने में बंद

मामला सिर्फ नाला निर्माण तक सीमित नहीं है। वार्ड पार्षद ने गोगाचक में करीब दो साल पहले चार लाख रुपये की लागत से लगाए गए प्याऊ के बंद पड़े होने का मुद्दा भी उठाया है। इस प्याऊ को स्थानीय लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया था। लेकिन आरोप है कि यह महज दो महीने तक ही ठीक से चल पाया और उसके बाद बंद हो गया।

पार्षद सन्नी कुमार का आरोप है कि प्याऊ खराब होने की जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया को दी गई थी। इसके बावजूद प्याऊ की मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी के स्टाफ रोशन कुमार पर प्याऊ का सामान खोलकर ले जाने का भी आरोप लगाया है।

जांच और कार्रवाई की मांग

वार्ड पार्षद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर उठे इन सवालों पर नगर पंचायत प्रशासन क्या कदम उठाता है? क्या नाला निर्माण की गुणवत्ता की जांच होगी और बंद पड़े प्याऊ को दोबारा चालू कराया जाएगा? फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0