चक्रधरपुर में बस-बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत, फूटा लोगों का गुस्सा, मुआवजे की मांग कर किया सड़क जाम

हादसे में चेलाबेड़ा गांव निवासी कृष्णा नायक और सोनुवा क्षेत्र के तयरा गांव निवासी गणेश नायक व श्यामलाल गोप की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

May 16, 2026 - 18:59
चक्रधरपुर में बस-बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत, फूटा लोगों का गुस्सा, मुआवजे की मांग कर किया सड़क जाम

WEST SINGHBHUM : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। चक्रधरपुर-सोनुवा मुख्य मार्ग पर बस और बाइक की सीधी टक्कर में तीन युवकों की मौत के बाद लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शनिवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक हादसे में चेलाबेड़ा गांव निवासी कृष्णा नायक और सोनुवा क्षेत्र के तयरा गांव निवासी गणेश नायक व श्यामलाल गोप की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मुआवजे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहले चक्रधरपुर थाना पहुंचे। वहां संतोषजनक पहल नहीं होने पर लोगों ने पहले सोनुवा रोड और बाद में चक्रधरपुर-रांची मुख्य मार्ग NH-75 (E) स्थित चेकनाका चौक को जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

तेज धूप के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण सड़क पर डटे रहे। इस दौरान एंबुलेंस को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित रही। सूचना मिलने के बाद अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

मृतकों के परिजनों ने बस मालिक से प्रत्येक परिवार को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। हालांकि प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के रूप में अंतिम संस्कार के लिए 10-10 हजार रुपये दिए गए, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

मृतक कृष्णा नायक के पिता मोनो नायक ने कहा कि हादसे में तीन परिवारों का सहारा छिन गया है। उन्होंने प्रशासन और बस मालिक से उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि केवल अंतिम संस्कार सहायता से पीड़ित परिवारों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता।

थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि घटना बेहद दुखद है और सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सहायता परिजनों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिजन लिखित आवेदन देंगे तो संबंधित बस का परमिट रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0