सर्दी का सितम जारी, प्रदेश में फिर होगी बारिश ! पटना सहित 6 ज़िलों में कोल्ड डे घोषित

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी अगले पांच दिनों तक राहत की संभावना नहीं है।

Jan 19, 2022 - 06:11
सर्दी का सितम जारी, प्रदेश में फिर होगी बारिश ! पटना सहित 6 ज़िलों में कोल्ड डे घोषित

पटना:

पूरा बिहार इस समय शीतलहर और बर्फीली हवा की चपेट में है। पूरे प्रदेश में कनकनी बढ़ गयी है। मंगलवार को पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, सारण और पूर्वी चंपारण में कोल्ड डे घोषित कर दिया गया। इसके अलावा पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य बिहार में अधिकतर इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति रही. IMD के मुताबिक अगले 48 घंटे बर्फीली हवा से राहत नहीं मिलेगी। सिर्फ रात में तापमान में राहत मिल सकती है।

IMD के अनुसार मंगलवार को राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। न्यूनतम औसत तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान गया में 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। 35 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास या इससे कम रहा। अधिकतम तापमान पटना में सामान्य से 6 डिग्री कम 16.2 डिग्री व गया में सामान्य से 7 डिग्री कम 16.2, भागलपुर में सामान्य से 5 डिग्री कम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।

20 जनवरी के बाद बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 21 जनवरी तक पूरे बिहार में शीतलहर की ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाये रहने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है। 20 जनवरी के बाद प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम- मध्य बिहार में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में कुछ इजाफा हो सकता है।

23 जनवरी के बाद मौसम साफ़ होने की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार आज पटना का न्यूनतम तापमान 8 व अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाले दो से तीन दिनों में पछुआ हवा के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में और कमी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी अगले पांच दिनों तक राहत की संभावना नहीं है।

अगले दो-तीन दिन पूरे दिन कोहरा/कुहासा रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं 22 जनवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना और 23 जनवरी को दिन में धूप निकलने का पूर्वानुमान है। गौरतलब है कि बीते दो दिनों में शहर में पूरी धूप नहीं निकलने से पूरे दिन का औसत तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0