मानपुर में हाइवा का कहर, 23 वर्षीय आलिशा की मौके पर मौत

जिले के मानपुर क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार हाइवा ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। विष्णु बिहार कॉलोनी के पास हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार 23 वर्षीय आलिशा कुमारी की मौत हो गई।

Nov 1, 2026 - 08:53
मानपुर में हाइवा का कहर, 23 वर्षीय आलिशा की मौके पर मौत

गया जी । जिले के मानपुर क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार हाइवा ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। विष्णु बिहार कॉलोनी के पास हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार 23 वर्षीय आलिशा कुमारी की मौत हो गई। वह प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए कॉलेज जा रही थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतका फतेहपुर थाना क्षेत्र के रसुना गांव निवासी रूपेश शर्मा की पुत्री थी। वर्तमान में उसका परिवार मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बालाजी कॉलोनी में रहता था। दो वर्ष पूर्व उसकी शादी जहानाबाद जिले के हुलासगंज निवासी अंगद कुमार से हुई थी। उसका एक छोटा बेटा भी है। पति राजगीर में सरकारी नौकरी करते हैं। बताया जाता है कि आलिशा घर के एक किशोर के साथ स्कूटी से परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान जगजीवन महाविद्यालय परिसर में जलजमाव दूर करने के लिए कूड़ा लेकर पहुंचा नगर निगम का हाइवा विष्णु बिहार कॉलोनी के पास स्कूटी से टकरा गया। हादसे में आलिशा की जान चली गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नो-एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन पर सवाल उठाए। लोगों ने पूछा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में हाइवा को किसके आदेश से प्रवेश दिया गया था। सूचना पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान, एसआई मोनू कुमार और डीएसपी अभिनव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया तथा हाइवा और चालक को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0