सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर 62वीं वाहिनी एसएसबी में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन, जवानों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

साइकिल रैली, रन फॉर यूनिटी एवं पदयात्रा के माध्यम से दिया राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश

Oct 31, 2026 - 19:33
सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर 62वीं वाहिनी एसएसबी में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन, जवानों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

भिनगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा में शपथ ग्रहण समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कमांडेंट श्री अमरेन्द्र कुमार वरुण के कुशल दिशा-निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कमांडेंट श्री अमरेन्द्र कुमार वरुण ने उपस्थित अधिकारियों एवं बल कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता, त्याग एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी जवानों से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ सभी बाह्य सीमा चौकियों पर भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न समवायों की ओर से रन फॉर यूनिटी, पदयात्रा एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0