रोहतास में 14 साल बाद फिर शुरू होगी पत्थर खनन की तैयारी, चार ब्लॉकों को सरकार की मंजूरी; रोजगार के खुलेंगे रास्ते
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में करीब 14 साल से बंद पत्थर खनन उद्योग एक बार फिर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। वर्ष 2012 से बंद पड़े खनन कार्य को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच रही है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में लगातार किए गए प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने जिले में फिलहाल चार खनन ब्लॉकों के लिए हरी झंडी दे दी है। इससे जिले में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में करीब 14 साल से बंद पत्थर खनन उद्योग एक बार फिर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। वर्ष 2012 से बंद पड़े खनन कार्य को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच रही है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में लगातार किए गए प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने जिले में फिलहाल चार खनन ब्लॉकों के लिए हरी झंडी दे दी है। इससे जिले में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में शुक्रवार को पटना से खनन विभाग के अधिकारियों की टीम रोहतास पहुंची। अधिकारियों ने करवंदिया पहाड़ी क्षेत्र और गिजवाही-2 ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने खनन क्षेत्र तक पहुंचने वाले रास्तों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही खनन ब्लॉकों की निविदा प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी पहलुओं का अंतिम निरीक्षण किया गया।
करवंदिया में रास्ते की बाधा हुई दूर
पत्थर खनन शुरू करने की प्रक्रिया में करवंदिया पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंचने के रास्ते को लेकर बाधा आ रही थी। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की पहल पर इस समस्या को दूर कर लिया गया है। इसके बाद यहां खनन कार्य शुरू करने की दिशा में कार्रवाई तेज हुई है। वहीं गिजवाही-2 ब्लॉक के लिए भी निविदा की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गायघाट और गिजवाही-1 की निविदा प्रक्रिया शुरू
इससे पहले जिला प्रशासन के प्रयासों के बाद खनन विभाग ने गायघाट और गिजवाही-1 ब्लॉक के लिए निविदा जारी की है। इन दोनों क्षेत्रों में 12 हेक्टेयर से अधिक जमीन को खनन के लिए चिह्नित किया गया है। निविदा में आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है।
सरकार की गाइडलाइन के अनुसार करवंदिया में छोटे-छोटे खनन ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। वहीं गिजवाही-2 के लिए भी निविदा से संबंधित कार्रवाई जारी है।
खनन शुरू होने से रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि रोहतास जिले में पत्थर खनन शुरू कराने को लेकर सरकार गंभीर है। खनन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खनन कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और जिले में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि रोहतास में वर्ष 2012 के बाद से पत्थर खनन बंद है। ऐसे में करीब 14 वर्षों बाद खनन गतिविधियां दोबारा शुरू होने की पहल से स्थानीय कारोबारियों, मजदूरों और रोजगार की तलाश कर रहे लोगों में उम्मीद जगी है। फिलहाल करवंदिया और गिजवाही-2 में निरीक्षण के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







