गया रेलवे स्टेशन पर दो चोरी के मोबाइल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, बरामद मोबाइल की कीमत 38 हजार रुपये
गयाजी। गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने दो चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद दोनों मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई गई है। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा, सीपीडीएस गया और जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-1बी के दिल्ली छोर स्थित यात्री शेड के पोल संख्या 469/1123 के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। संदेह के आधार पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान तबरेज अंसारी उर्फ गुड्डू (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय कासिम अंसारी, निवासी नीम दरगाह गली, पंचायती अखाड़ा, वार्ड संख्या-07, थाना कोतवाली, जिला गयाजी के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्टेशन परिसर में चोरी-छिपे प्रवेश कर रेल यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद तलाशी के दौरान उसके पैंट की दाहिनी जेब से सैमसंग कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल और बाईं जेब से ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया। दोनों मोबाइल बिना सिम के चालू एवं लॉक अवस्था में थे। मामले में उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के लिखित शिकायत पत्र के आधार पर आरपीएफ पोस्ट गया में कांड संख्या 267/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





