एक महीना बीत जाने के बाद भी एचटीआई के वर्ष 2017-19 बैच के छात्रों का परीक्षा परिणाम नहीं हो सका संशोधित

छात्रों का कैरियर हो रहा प्रभावित

Mar 9, 2021 - 10:57
एक महीना बीत जाने के बाद भी एचटीआई के वर्ष 2017-19 बैच के छात्रों का परीक्षा परिणाम नहीं हो सका संशोधित

रांची। एचईसी प्रशिक्षण संस्थान (एचटीआई) के वर्ष 2017-19 बैच के छात्रों के परीक्षाफल में व्याप्त त्रुटियां अभी तक दूर नहीं की जा सकी है। नतीजतन उक्त बैच के 111 छात्रों का कैरियर प्रभावित हो रहा है। एचडीआई प्रबंधन द्वारा संशोधित परीक्षा फल जारी नहीं किए जाने से छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। इस संदर्भ में एचटीआई के प्राचार्य आनंद कुमार गिरी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि राजधानी रांची स्थित महानिदेशक, प्रशिक्षण (डीजीटी) के अधीनस्थ संस्था “क्षेत्रीय निदेशालय कौशल विकास एवं उद्यमिता” (आरडीएसडीई) के क्षेत्रीय निदेशक से पत्राचार कर इस दिशा में यथाशीघ्र यथोचित कार्रवाई करने और संशोधित परिणाम जल्द से जल्द जारी करने का अनुरोध किया गया है। एचटीआई प्रबंधन द्वारा पत्र लिखकर जल्द से जल्द छात्रों के अंक पत्र में सुधार कर अच्छा परिणाम प्रकाशित करने का आग्रह किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एचटीआई प्रबंधन द्वारा छात्रों का मार्क्स अपलोड कर आरडीएसडीई को प्रेषित करने में विलंब होने की वजह से अंकपत्र में छात्रों का प्राप्तांक अपलोड नहीं हो पाया। हालांकि बाद में एचटीआई प्रबंधन ने छात्रों का प्राप्तांक अपलोड कर प्रेषित किया। लेकिन तकनीकी कारणों की वजह से छात्रों का प्राप्तांक अंक पत्र में अंकित नहीं हो सका।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरडीएसडीई का भी मानना है कि पोर्टल चेंजिबिलिटी के कारण अंक पत्रों में छात्रों का मार्क्स अंकित नहीं हो सका।
गौरतलब है कि नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग से संबद्ध एचईसी ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में आईटीआई के समकक्ष क्राफ्ट्समैनशिप ट्रेनिंग स्कीम (सीटीसी) और अप्रेंटिस ट्रेनिंग स्कीम (एटीएस) कोर्स कराया जाता है। इसकी कंट्रोलिंग अथॉरिटी डायरेक्टर जनरल एंप्लॉयमेंट एंड ट्रेंनिंग (डीजीईटी),नई दिल्ली है। वहीं, राज्य में इसकी कंट्रोलिंग अथॉरिटी रीजनल डायरेक्टर स्किल डेवलपमेंट एंड इंटरप्रेन्योरशिप (आरडीएसडीई) है। इस संबंध में एचईसी ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के प्राचार्य ने बताया कि छात्रों का प्रैक्टिकल और थ्योरी की परीक्षा ली गई थी। लेकिन प्रैक्टिकल के अंक आरडीएसडीई में पोर्टेबिलिटी चेंज के कारण नहीं अंकित हो सका। इस वजह से छात्रों के मार्क्स में त्रुटियां हो गई थी। इस संबंध में एचटीआई द्वारा डीजीईटी और आरडीएसडीई को पत्र लिखकर गंभीरतापूर्वक इस दिशा में यथाशीघ्र कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में विशेष रुप से यथाशीघ्र कार्य करने के लिए एचटीआई द्वारा डीजीईटी और आरडीएसई को पत्राचार किया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों के साथ किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। मात्र तकनीकी कारणों से ऐसी समस्या उत्पन्न हो गई है, जिसे यथाशीघ्र दूर कर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एचईसी ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
विदित हो कि गत दिनों वर्ष 2017-19 बैच के छात्रों का अंक पत्र निर्गत किया गया। जिसमें प्रैक्टिकल में उनका मार्क्स अंकित नहीं हो पाया था। इसे लेकर छात्रों ने संस्थान के महाप्रबंधक और प्राचार्य का घेराव भी किया था। इसे लेकर संस्थान के महाप्रबंधक के साथ वार्ता हुई थी। महाप्रबंधक ने इस दिशा में आवश्यक कदम उठाया है।
डीजीईटी और आरडीएसई के साथ पत्राचार किया गया है।

  • छात्रों की समस्याओं का जल्द होगा निराकरण : बहादुर अशफाक अहमद
    इस संबंध में राजधानी रांची स्थित कौशल विकास और उद्यमिता क्षेत्रीय निदेशालय (आरडीएसडीई) के क्षेत्रीय निदेशक बहादुर अशफाक अहमद ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। छात्रों के कैरियर संवारने की दिशा में हम लोग सतत प्रयासरत रहा करते हैं। उन्होंने कहा कि एचटीआई के वर्ष 2017-19 के छात्रों के साथ जो परेशानियां उत्पन्न हुई है। इसे यथाशीघ्र दूर करने की दिशा में पहल की गई है। आशान्वित हैं कि जल्द ही छात्रों का संशोधित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
    प्रबंधन भी गंभीरता से छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है। छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0