किसानों के समर्थन में एनएसयूआई ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है केंद्र सरकार: इंदरजीत सिंह

किसानों के समर्थन में एनएसयूआई ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन
  • किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है केंद्र सरकार: इंदरजीत सिंह

रांची। छात्र संगठन एनएसयूआई के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में धुर्वा स्थित गोलचक्कर पर अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के स्मारक के समक्ष किसानों के समर्थन में केन्द्र सरकार के खिलाफ सर पर काला पट्टा लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विदित हो कि केन्द्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में पूरे देश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। किसान विरोधी कृषि कानून को वापस लेने की मांग पर देश के किसान अड़े हुए हैं। एनएसयूआई द्वारा केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने काला पट्टा लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे किसानों पर एफआईआर दर्ज करना उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है। लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपने हक के लिए आवाज उठाने का अधिकार है। जय जवान, जय किसान का नारा तभी बुलंद है- जब खेत में किसान और सीमा पर जवान की आवाज को अनसुना न किया जाए। उन्होंने कहा कि
भाजपाई सल्तनत जय जवान, जय किसान के नारे से दूरी बना चुकी है।
लेकिन कांग्रेस अन्नदाता के हितों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है। इंदरजीत सिंह ने कहा कि मोदी जी को याद रखना चाहिए कि जब-जब अहंकार सच्चाई से टकराता है, पराजित होता है। सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे किसानों को दुनिया की कोई सरकार नहीं रोक सकती। मोदी सरकार को किसानों की मांगें माननी ही होंगी और काले क़ानून वापस लेने होंगे। इस मौके पर एनएसयूआई की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आरुषि वंदना ने कहा कि देश को खाना खिलाने वाले अन्नदाताओं पर लाठी-डंडे और आंसू गैस के गोले दागकर सरकार ने किसान विरोधी हिटलरशाही मानसिकता का परिचय दिया है।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि सरकार द्वारा किसान बिल किसानों का हक छीनने के लिए लाया गया है। सरकार की इस निंदनीय कार्रवाई का संगठन विरोध करता है। ऐसे बिलों को वापस लेकर किसानों को उनका हक दिया जाना चाहिए। महासचिव मोहम्मद आमिर ने कहा कि संगठन हर कदम पर किसानों के साथ खड़ा है और किसानों के हक की लड़ाई हर मोर्चे पर लड़ी जाएगी।
मौके पर इंदरजीत सिंह, आरुषि वंदना, अंकित सिंह, प्रणव राज, आकाश रजवार, नंदिनी गुप्ता, अमन यादव, आनंद झा, अभिषेक सिंह, राहुल महतो, अभिजीत बाउरी, मोहम्मद रेहान आलम, ओमप्रकाश , अभिषेक, प्रदीप सोरेन,सुशील, चंदन मौजूद थे।