ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने समाजसेवी महिला को किया सम्मानित

कहा, महिला सशक्तीकरण के लिए सामुहिक प्रयास जरूरी।

Mar 8, 2021 - 11:19
ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने समाजसेवी महिला को किया सम्मानित

रांची। झारखंड सरकार के संसदीय कार्य और ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च) के अवसर पर सोमवार को धुर्वा निवासी समाजसेवी पूनम सिंह को सम्मानित किया। झारखंड विधानसभा स्थित अपने कक्ष में श्रीमती सिंह को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। श्री आलम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकारी और गैर सरकारी, दोनों स्तर पर प्रयास किया जाना वर्तमान समय की मांग है। इस अवसर पर कांग्रेस के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र प्रभारी वरिष्ठ नेता शशिभूषण राय ने कहा कि नारी के उत्थान के बिना विकसित समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती है। महिलाओं को नजरंदाज कर आर्थिक विकास की बात करना बेमानी है। महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित किए जाने पर पूनम सिंह ने मंत्री आलमगीर आलम के प्रति आभार व्यक्त किया। मौके पर श्रीमती सिंह ने महिलाओं के हितों के संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के लिए सतत प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रांची जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एनामुल हक, वरिष्ठ पत्रकार नवल किशोर सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0