झारखंड के साथ भेदभाव बरत रही है केन्द्र की भाजपानीत सरकार : कांग्रेस

Jul 14, 2020 - 05:25
 0
झारखंड के साथ भेदभाव बरत रही है केन्द्र की भाजपानीत सरकार : कांग्रेस

रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को चुनौती दी है कि वे लॉकडाउन में आर्थिक पैकेज, गरीबों को राहत, बढ़ती महंगाई, लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास , छह वर्षों की असफल विदेश नीति और केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर सार्वजनिक मंच पर चर्चा कर लें।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव,डा राजेश गुप्ता छोटू ने बीजेपी नेताओं से सवाल किया है कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमणकाल में स्थिति से निपटने के लिए केंद्र की ओर से राज्य को कितनी सहायता दी गई ? इसकी जानकारी देनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ,लाल किशोर नाथ शाहदेव, डाॅ. राजेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में राज्य सरकार की ओर से अपने सीमित संसाधनों के माध्यम से स्थिति से निपटने के लिए कारगर कदम उठाये गये, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा बिना कोई ठोस रणनीति बनाये लागू किये लॉकडाउन से हर क्षेत्र की स्थिति दयनीय हो गयी है। वहीं इस संकटकाल में भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने में जुटी है। जबकि संक्रमण का फायदा उठाते हुए कॉमर्शियल माइनिंग समेत अन्य फैसलों के माध्यम से अपने कुछ पूंजीपति साथियों को फायदा पहुंचाने में भी जुटी है।
प्रदेश प्रवक्ता आलोक दूबे, किशोर शाहदेव,डाॅ. राजेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना वायरस मामले में आज भारत दुनिया का दूसरा ऐसा देश बन गया है, जहां हर रोज सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कृपा से जल्द ही भारत इस मामले में विश्वगुरु बन जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड समेत कई देश कोरोना से जंग में जीत की ओर बढ़ रहे है, जबकि भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि चिंताजनक है।
प्रदेश प्रवक्ताओं  ने कहा कि कोरोना संक्रमण में केंद्र सरकार की ओर से 20लाख करोड़ रुपये के पैकेज को लेकर सिर्फ हवा-हवाई घोषणाएं की गयी, इसका गरीब और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को कोई खास फायदा नहीं मिला, वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो बढ़ोत्तरी कर महंगाई को भी बढ़ाने का काम किया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि जिस तरह से देश भर में लोगों का जनाक्रोश भाजपा नेताओं और केंद्र सरकार के खिलाफ बढ़ता जा रहा है, उसे देखते हुए इसके आसार भी बनने लगे हैं कि जनता सड़कों पर उतर कर इन्हें सबक सिखाने का प्रयास करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0