पलामू में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला में अस्थायी उपचार केंद्र बना दिया है। यहां स्वास्थ्यकर्मी बीमार ग्रामीणों का इलाज कर रहे हैं।

Mar 12, 2026 - 16:06
 0
पलामू में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप

PALAMU : पलामू के सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव के पोखर पार टोला में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गये हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग शादी के भोज में शामिल हुए थे। इनमें से 10 लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर भेजा गया है।

मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला में अस्थायी उपचार केंद्र बना दिया है। यहां स्वास्थ्यकर्मी बीमार ग्रामीणों का इलाज कर रहे हैं। कई मरीजों को विद्यालय के बरामदे में ही लिटाकर उपचार किया गया। एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, पोखर पार टोला निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के घर बेटे की शादी थी। बारात में शामिल लोगों को भोज कराया गया था। इस दौरान मेहमानों को पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी। बारात के जाने के कुछ घंटों बाद ही भोज में शामिल लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

रात होते-होते कई लोगों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। गुरुवार सुबह तक हालात और बिगड़ गए और 100 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों का इलाज शुरू किया। गंभीर मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई जनप्रतिनिधि भी गांव पहुंचे और पीड़ितों की मदद में जुट गए।

राज्य स्तरीय दिशा कमेटी के सदस्य अवधेश सिंह चेरो ने बताया कि गांव में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से स्थिति काफी चिंताजनक हो गई थी। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0