पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर प्रेतशिला वेदी स्थल का निरीक्षण, पांच दिनों में शेष कार्य पूर्ण करने का निर्देश
गयाजी । पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी, गया के निर्देश के आलोक में आज प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर एवं उनकी पूरी टीम द्वारा प्रेतशिला वेदी स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं टीम ने प्रेतशिला वेदी की 676 सीढ़ियां चढ़कर ऊपरी चोटी पर स्थित पिंडदान वेदी स्थल का जायजा लिया। इस दौरान वेदी स्थल एवं उसके आसपास की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, वेदी स्थल के रंग-रोगन, पेयजल की उपलब्धता, सीसीटीवी व्यवस्था, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने प्रेतशिला आने वाले पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त एवं सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में प्रेतशिला तालाब की साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया गया कि प्रेतशिला वेदी स्थल एवं प्रेतशिला तालाब की साफ-सफाई सहित अन्य सभी लंबित कार्यों को अगले पांच दिनों के भीतर हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पिंडदानियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख वेदी स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जा रहा है।