झारखण्ड में घूसखोर दारोगा गिरफ्तार, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते ACB ने रंगेहाथ दबोचा
गुरुवार को एसीबी की टीम ने चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हजारीबाग से आई एसीबी टीम ने पहले से बनाई गई योजना के तहत की।
KODERMA : झारखंड के कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हजारीबाग से आई एसीबी टीम ने पहले से बनाई गई योजना के तहत की।
जानकारी के मुताबिक, चंदवारा थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले अवैध शराब को लेकर छापेमारी की गई थी। इस मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के नाम पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित पक्ष इस मांग से परेशान था और मामले से छुटकारा पाने का रास्ता तलाश रहा था।
बताया जाता है कि पीड़ित ने इस मामले की जानकारी जेकेएलएम नेता प्रेम नायक को दी। इसके बाद प्रेम नायक ने पूरे मामले की शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्रारंभिक जांच की और रिश्वतखोरी की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत गुरुवार को दारोगा को 15 हजार रुपये रिश्वत देने की व्यवस्था की गई। जैसे ही दारोगा पवन कुमार राम ने पीड़ित से पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि दारोगा थाना परिसर में बने अपने सरकारी क्वार्टर में ही रिश्वत ले रहा था।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दारोगा को अपने साथ हजारीबाग ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही आगे की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











