जन्मदिन की मिठाई खाने से 9 लोग बीमार, उल्टी-दस्त की शिकायत; मिष्ठान भंडार सील, जांच के लिए भेजा गया सैंपल
बक्सर/बबलू उपाध्याय: बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में जन्मदिन की खुशी में बांटी गई मिठाई खाने के बाद 9 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
बक्सर/बबलू उपाध्याय:- बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में जन्मदिन की खुशी में बांटी गई मिठाई खाने के बाद 9 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इमिलिया, रामगढ़ निवासी संदीप कुमार सिंह के घर बेटे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में उनके रिश्तेदार धनेश्वर सिंह ने डुमरांव के प्रजापति मिष्ठान भंडार से करीब दो किलो मिठाई खरीदी थी। इसमें एक किलो क्रीम मिठाई और एक किलो कालाजामुन शामिल था। धनेश्वर की मां गिरजा देवी ने मिठाई रिश्तेदारों और पड़ोसियों में बांटी।
मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार लोगों में अंजलि सिंह, प्रियंका सिंह, रेयांश, प्रीति सिंह, अनिल कुमार सिंह, प्रीति कुमारी, गीता देवी, लालबाबू सिंह और रीना देवी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद डुमरांव एसडीएम राजीव कुमार और डीसीएलआर टेश लाल सिंह अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल जाना। एसडीएम ने रक्त के नमूने लेकर जांच कराने का निर्देश दिया। लैब टेक्नीशियन के निर्धारित समय पर अनुपस्थित रहने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल नमूने लेने का निर्देश दिया।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने डुमरांव स्थित प्रजापति मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, दुकान में साफ-सफाई की कमी पाई गई और संचालक खाद्य सुरक्षा लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे को मिठाई का सैंपल लेकर जांच के लिए पटना भेजने को कहा गया।
जांच रिपोर्ट आने तक मिष्ठान भंडार को सील रखने का निर्देश दिया गया है। एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि मिठाई का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

