बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन पुरोहित-पंडा समाज के लगभग 5000 परिवारों के बीच खाद्यान्न-सूखा राशन वितरण करेगा

बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन पुरोहित-पंडा समाज के लगभग 5000 परिवारों के बीच खाद्यान्न-सूखा राशन वितरण करेगा

देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नैंसी सहाय के द्वारा जानकारी दी गयी कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से बाबा मंदिर में पूजा-पाठ कराने वाले पुरोहित/पंडा समाज के लगभग 5000 परिवारों के बीच खाद्यान्न/सूखा राशन का वितरण किया जाएगा, ताकि लॉक डाउन के वजह से प्रभावित इन परिवारों को भोजन की समस्या उत्पन्न न हो। उनके द्वारा आगे बतलाया गया कि जिला प्रशासन व मंदिर प्रशासन की ओर से पंडा समाज के चिन्हित 5000 परिवारों को प्रति परिवार खाद्यान्न पैकेट के रूप में 5 कि०ग्रा० चावल, 5 कि०ग्रा० आटा, 2 कि०ग्रा० दाल, 1 कि०ग्रा० चीनी, 500 ग्राम नमक, 400 ग्राम मिल्क पाउडर, 250 ग्राम चाय पत्ती, तेल, हल्दी, मसाला आदि उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत जिला प्रशासन द्वारा आज पंडा धर्मरक्षिणी के अध्यक्ष को 300 पैकेट खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है एवं शेष लोगो के बीच कल खाद्यान्न वितरित किये जायेंगे। उनके द्वारा आगे बतलाया गया कि पुरोहित समाज के बीच वितरित किये जाने वाले खाद्यान्न में 80℅ सहयोग मंदिर प्रशासन का एवं 20℅ सहयोग पंडा धर्मरक्षिणी के तरफ से किया गया है।
इसके अलावा उनके द्वारा बतलाया गया कि आने वाले दिनों में बाबा मंदिर प्रांगण में फूल-विल्व पत्र बिक्री करने वाले फूल विक्रेताओं एवं पूजा सामग्री बेचने वाले छोटे-छोटे दुकानदारों के बीच भी जिला प्रशासन द्वारा खाद्यान्न का वितरण कराया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि कुछ समय पूर्व बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन के ओर से बाबा मंदिर प्रांगण का निरन्तर साफ़-सफाई करने वाले सफाईकर्मियों के बीच भी खाद्यान्न का वितरण किया गया है एवं आगे आवश्यकता अनुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी लोगों की हर संभव मदद की जाएगी।
इसके अलावा उनके द्वारा जानकारी दी गयी कि लोगों की सुविधा हेतु देवघर जिला अंतर्गत इंडोर स्टेडियम, देवघर एवं अग्रसेन भवन, मधुपुर में दो फूड ग्रेन बैंक संचालित हैं। इन फ़ूड ग्रेन बैंकों में विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं, समाजसेवियों व अन्य दाताओं के ओर से प्राप्त खाद्यान्न को संग्रहित कर उससे गरीबों व निःसहायों की मदद की जा रही है, ताकि लॉक डाउन के वजह से कोई भी व्यक्ति भूखा न सोये। सभी को भरपेट भोजन प्राप्त हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।