श्री गुरुनानक सत्संग सभा गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब की सेवा की गई

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सजेगा विशेष दीवान

श्री गुरुनानक सत्संग सभा गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब की सेवा की गई

रांची। आज प्रातः 6.30 बजे राजधानी के कृष्णा नगर कॉलोनी, गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा द्वारा संचालित गुरुद्वारा साहिब में निशान साहिब जी की सेवा की गई। सर्वप्रथम जत्था के सेवादार आशु मिढ़ा ने अरदास कर वाहेगुरु से चोला सेवा की आज्ञा मांगी। तत्पश्चात जत्था के सदस्यों द्वारा जपुजी साहिब जी के पाठ उच्चारण के बीच जत्था के हरविंदर मिढ़ा(हन्नी) ने निशान साहिब जी को नया चोला पहनाया। सभी सेवादारों ने एक स्वर में ‘झूलते निशान रहे सदा महाराज के’ जयकारा बुलंद किया। कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए निशान साहिब जी की सेवा में सिर्फ सात सेवादार आशु मिढ़ा,रमेश तेहरी,नवीन मिढ़ा,कमल मुंजाल,जीत सिंह,रिक्की मिढ़ा एवं सूरज झंडईही शामिल हुए.निशान सेवा सम्पूर्ण होने पर सभा के मुख्य सेवादार मनीष मिढ़ा ने अरदास कर वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। समाप्ति पर सत्संग सभा द्वारा संगत के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस बार प्रभातफेरी नहीं निकाली गई है। पर साध संगत ने इस कमी को पूरा करते हुए पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव से तथा मास्क लगाकर एवं फिजिकल डिस्टेंस का पालन करते हुए गुरुद्वारा के पार्किंग स्थल में सुबह 7.00 बजे से 8.45 बजे तक सामूहिक शबद गायन किया। स्त्री सत्संग सभा की गीता कटारिया,शीतल मुंजाल,नीता मिढ़ा,इंदु पपनेजा,बंसी मल्होत्रा,बिमला मिढ़ा,मंजीत कौर ने “सबना का माँ प्यो आप है माँ प्यो आप है…….” तथा ” जिथे बाबा पैर धरे पूजा आसन थापन सोहा………” एवं ” प्रगट भई सगले जग अंतर गुर नानक की वडिआई……..” शबद गायन कर वातावरण को नानकमय कर दिया।
सुबह 7.45 बजे से 8.45 बजे तक रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी एवं साथियों ने
” कर किरपा तेरे गुण गांवां ………..” एवं ” सतगुर नानक परगटया मिट्टी धुंध जग चानन होआ…………” तथा ” एक नूर ते सब जग उपजया कौन भले कौ मंदे………………” जैसे अनेक शबद गायन कर संगत को वाहेगुरु से जोड़ा तत्पश्चात गुरूद्वारा सत्संग सभा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह ने कठवाचन कर संगत को गुर इतिहास से जोड़ा।
पिछले वर्ष प्रकाश पर्व से संगत द्वारा पढ़े जा रहे श्री सहज पाठों की आज सामुहिक समाप्ति सुबह 9.30 बजे गुरुद्वारा साहिब में हुई।
अनंद साहिब जी के पाठ,अरदास,हुक्मनामा एवं प्रसाद वितरण के साथ सुबह 10 बजे दीवान की समाप्ति हुई।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी ने जानकारी दी कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 551 वां प्रकाश पर्व 30 नवंबर, सोमवार को मनाया जाएगा।इस उपलक्ष्य में सुबह 8:00 बजे से लेकर 11:00 बजे तक तथा रात 9:00 बजे से 12:30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा जिसमें गुरुद्वारा के हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी शबद कीर्तन से साध संगत को निहाल करेंगे तथा हेड ग्रंथी ज्ञानी जेवेन्दर सिंह जी द्वारा कथावाचन होगा।
सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कल 28 तारीख को रात 11.30 बजे से श्री अखंड पाठ की शुरूआत हुई जिसका भोग सोमवार को प्रकाश पर्व के दिन 30 नवंबर को रात 12:00 बजे होगा साथ ही बताया कि आज दीवान समाप्ति के बाद से ही गुरुद्वारा साहिब की साफ सफाई में संगत पूरे श्रद्धाभाव से जुटी हुई है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी
नरेश पपनेजा ने दी।